आद्रा, 10.10.2024:
आद्रा मंडल में 01.10.2024 से 15.10.2024 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा के दसवें दिन, आज दिनांक 10.10.2024 को आद्रा मंडल ने स्वच्छता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को ध्यान में रखते हुए कल से शुरू किया गया स्वच्छ आहार अभियान आज भी जारी रखा। इस अभियान के तहत मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर प्रमुख ट्रेनों, जैसे – 12801 पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, 22643 एर्नाकुलम-पटना एक्सप्रेस आदि की पेंट्री कारों की सफाई और स्वच्छता की जांच मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम द्वारा की गई।

इस दौरान पेंट्री कार के स्टाफ को स्वच्छता और हाइजीन के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। साथ ही, पेंट्री कार में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों, खाद्य सामग्री और स्टोरेज क्षेत्र की गहन जांच की गई। पेंट्री स्टाफ की मेडिकल फिटनेस भी जांची गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्वच्छता और हाइजीन के सभी मानकों का पालन किया जा रहा है।









इसके अतिरिक्त, मंडल के बेस किचन और उसके स्टोरेज क्षेत्र की स्वच्छता और हाइजीन की भी जांच की गई। बर्तनों की सफाई की प्रक्रिया, कचरे के निपटान की व्यवस्था, और पेंट्री कारों में स्मार्ट बिन्स (कंपैक्टर) की उपलब्धता को प्रोत्साहित किया गया।
साथ ही, मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे ट्रैक, हेल्थ इकाइयों और आवासीय परिसरों में भी स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और यात्रा के दौरान कूड़ा-कचरा न फैलाने के प्रति सतर्क करना है।
रेल प्रशासन यात्रियों से अपील करता है कि वे भी इस अभियान का हिस्सा बनें और यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें, ताकि सभी को एक स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण में यात्रा का अनुभव प्राप्त हो सके।










