कुल्टी। बराकर हनुमान चढ़ाई बीड़ीडंगाल बाउरीपाड़ा स्थित महावीर कंपनी के पास मनसा पूजा चंदा को लेकर सिख ड्राइवर और खलासी के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, पंजाब से ट्रक में साबुन लेकर पहुंचे जुझार सिंह और अमृतपाल सिंह से स्थानीय लोगों ने जबरन 500 और 1000 रुपये चंदे की मांग की।
ड्राइवर और खलासी के इनकार करने पर उनके साथ जमकर मारपीट की गई, इस दौरान ड्राइवर की पगड़ी भी उतर गई। घटना के बाद क्षेत्रीय सिख समुदाय के लोग एकजुट हुए और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामले में जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
इस घटना पर सिख समाज में गहरा रोष है। आसनसोल सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव तरसेम सिंह ने कहा कि घटना निंदनीय है और पुलिस को दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हमेशा भाईचारे और कानून-व्यवस्था को बनाए रखा है, लेकिन इस तरह की घटना चिंता का विषय है।
वहीं ट्रांसपोर्टर हरदीप सिंह ने कहा कि ड्राइवरों को अक्सर ऐसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। प्रशासन को चाहिए कि दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएं। प्रितपाल सिंह ने भी कहा कि पश्चिम बंगाल में इस तरह की घटना पहले कभी नहीं हुई थी, इसलिए पुलिस को तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।






























