कुल्टी, आसनसोल: कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से देखा जा रहा सपना अब साकार होने जा रहा है। कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार के दूरदर्शी नेतृत्व और सेल आईएसपी (स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड) के महत्वपूर्ण सहयोग से, भारतीय संविधान के जनक डॉ. भीमराव अंबेडकर की एक भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। यह परियोजना विधायक के संकल्प और सेल के सामाजिक दायित्वों के बीच एक मजबूत साझेदारी को दर्शाती है।
नियामतपुर-इस्को रोड पर, टहरम मोड़ के पास स्थापित की जाने वाली इस प्रतिमा का अनावरण एक ऐतिहासिक अवसर होगा। इस महत्वपूर्ण पहल पर डॉ. पोद्दार ने कहा, “डॉ. भीमराव अंबेडकर हमारे संविधान के रचयिता थे, जिन्होंने हमें एक समाज के रूप में एकता के सूत्र में पिरोया। हम उनके द्वारा दिखाए गए मार्ग पर चलते हुए संविधान का सम्मान कर रहे हैं।”
इस परियोजना के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए विधायक ने बताया कि कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में डॉ. अंबेडकर की कोई भव्य प्रतिमा नहीं थी। उन्होंने कहा, “मैंने यह संकल्प लिया था कि विधायक बनने के बाद मैं यहां डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा अवश्य स्थापित करवाऊंगा।” उन्होंने सेल आईएसपी का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कुछ कारणों से रुका हुआ यह कार्य अब उनके सक्रिय सहयोग से पुनरुद्धार हो रहा है।
इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए स्थल सर्वेक्षण का कार्य भी सेल आईएसपी के अधिकारियों की उपस्थिति और मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सीजीएम टाउन श्री विजेंद्र वीर, श्री पवन कुमार सिंह एजीम सीएसआर टाउन, सीनियर मैनेजर अभिषेक शौर्य सीएसआर टाउन, और श्री सुमित मिश्रा एजीएम सीएसआर टाउन विशेष रूप से उपस्थित थे। इसके अलावा, सेल आईएसपी के इंद्रनील बनर्जी डी.जी.एम. प्रोजेक्ट ने भी बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर की मूर्ति के लिए उचित स्थान सुनिश्चित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस ऐतिहासिक अवसर पर विधायक डॉ. पोद्दार के साथ कुल्टी मंडल के मंडल तीन के अध्यक्ष अमर प्रसाद, कुल्टी विधानसभा मंडल उपाध्यक्ष और समाजसेवी टिंकू वर्मा, जिला सचिव सत्यजीत दास, संजीत दास, काजल दास और कवि सिंह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। इनके अलावा, हेमंत माझी, सूरज केवट, विक्की प्रसाद, विक्की सिंह और संजीव यादव भी मौजूद थे। भाजपा कुल्टी मंडल उपाध्यक्ष सह समाज सेवी टिंकू वर्मा ने कहा कि यह परियोजना विधायक के अच्छे सामाजिक दायित्वों और क्षेत्र के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।



















