*बंटी खान चित्तरंजन।* किसी समय ‘शांति का स्वर्ग’ कहा जाने वाला चित्तरंजन शहर आज अपराध के साये में है। शहर की सुरक्षा व्यवस्था की रीढ़ पूरी तरह चरमरा चुकी है। पुलिस और आरपीएफ की जांच केवल फाइलों और कागजी खानापूर्ति तक सीमित होकर रह गई है, और अपराधी बेखौफ घूम रहे हैं। ताजा मामला बीते सोमवार रात की है, चित्तरंजन शहर के 84 नंबर रोड स्थित क्वार्टर नंबर 34-A में सामने आया है, जहां चोरों ने दुस्साहस दिखाते हुए चोरी की घटना को अंजाम दिया।
भीड़भाड़ के बीच वारदात से दहशत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार की रात 84 नंबर रोड इलाके में एक शादी का समारोह था, जिसका प्रीतिभोज 85 नंबर मैदान में चल रहा था। इसी गहमागहमी का फायदा उठाकर बीते सोमवार रात करीब 11 बजे चोरों ने 34-A नंबर बंद क्वार्टर का ताला तोड़ दिया। चोरों ने घर के अंदर रखे सामान को खंगाला और नकदी समेत जेवरात लेकर फरार हो गए।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे सभी पास ही में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। रात को जब वे खाना खाकर घर लौटे, तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा है। पीड़ितों के अनुसार, चोरों ने करीब ढाई हजार रुपये नकद और सिटी गोल्ड के कुछ गहने (माला और चूड़ियां) चोरी कर लिए हैं।
प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल
इतनी भीड़भाड़ वाले इलाके में चोरी की इस घटना ने स्थानीय निवासियों को चिंता में डाल दिया है। घटना की सूचना मिलते ही चित्तरंजन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि जांच के नाम पर केवल नाटक होता है और असल अपराधी कभी पकड़े नहीं जाते। बार-बार हो रही चोरी की घटनाओं ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।










