भीषण गर्मी में राहगीरों को मिला राहत का घूंट, यंग बंगाल एंड जातिया संघा क्लब ने पिलाया ठंडा शरबत
कुल्टी :आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 71 अंतर्गत रानी तालाब बस स्टैंड स्थित ‘यंग बंगाल एंड जातिया संघा क्लब’ ने मानवता की मिसाल पेश की है। क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी को देखते हुए क्लब के उत्साही युवाओं ने रानी तालाब मोड़ पर राहगीरों और यात्रियों को रोककर ठंडा शरबत पिलाया।
यात्रियों को मिली बड़ी राहत
इन दिनों इलाके में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ है। आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने की आशंका है। इस झुलसती धूप में भी जरूरी कामों से बाहर निकलने वाले मुसाफिरों को पानी और शीतलता की सख्त जरूरत पड़ रही है। इसी को ध्यान में रखते हुए क्लब ने इस राहत शिविर का आयोजन किया। ठंडा शरबत पीकर यात्रियों को इस भीषण तपन से बड़ी राहत मिली।
ये सदस्य रहे मौजूद
इस सेवा कार्य को सफल बनाने में क्लब के कई सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्य रूप से प्रेमनाथ पांडे, संजीव कुमार राय, मनमोहन राय, बंटी साहू, मिलन मुखर्जी और अमित मोदी समेत क्लब के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने क्लब के युवाओं के इस सामाजिक प्रयास की जमकर सराहना की है।










