शादी का कार्ड देने निकले पिता की सड़क हादसे में मौत, बेटा गंभीर घायल
डिबुडीह ब्रिज पर अवैध कोयला लदे ऑटो ने बाइक को मारी टक्कर, चालक फरार
कुल्टी:शादी का निमंत्रण पत्र बांटने निकले एक पिता-पुत्र की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बंगाल झारखंड के डिबुडीह ब्रिज पर उनकी बाइक एक भीषण सड़क दुर्घटना का शिकार हो गई। हादसे में पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के पांडेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत मदारवणी निवासी 50 वर्षीय राजेंद्र बिन अपने पुत्र के साथ बाइक से धनबाद की ओर शादी का कार्ड देने जा रहे थे। इसी दौरान मैथन ओपी क्षेत्र के डिबुडीह ब्रिज पर झारखंड की ओर से कथित तौर पर रॉन्ग साइड से आ रहे ऑटो (JH 10 AP 2527) ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो में अवैध कच्चा कोयला लदा हुआ था और वह तेज रफ्तार से बंगाल की ओर जा रहा था। टक्कर इतनी भीषण थी कि राजेंद्र बिन ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
हादसे के बाद ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर मैथन पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH), धनबाद भेजा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
चेकपोस्ट पर वसूली के डर से रॉन्ग साइड का इस्तेमाल?
समाजसेवी रंजीत महतो ने लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद समाजसेवी रंजीत महतो ने डिबुडीह चेकपोस्ट की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि बंगाल पुलिस द्वारा झारखंड से आने वाले ऑटो और बाइक चालकों को अक्सर रोककर कथित रूप से पैसे वसूले जाते हैं। उनके अनुसार, इसी से बचने के लिए कई चालक रॉन्ग साइड का सहारा लेते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है।
रंजीत महतो ने राज्य सरकार से चेकपोस्ट पर कथित अवैध वसूली की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस पर रोक नहीं लगी तो भविष्य में और भी जानलेवा हादसे हो सकते हैं।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार ऑटो चालक की तलाश की जा रही है।










