अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले मैथन डैम पर ADPC का मेगा योग शिविर, 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने किया योगाभ्यास ,
सालानपुर –
आसनसोल: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के आयोजन से पहले आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) की ओर से गुरुवार को मैथन डैम के मनोरम तट पर एक विशाल योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सालानपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आयोजित किया गया, जिसमें 500 से अधिक पुलिसकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग शिविर में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार सहित कमिश्नरेट के कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणब कुमार ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में इस वर्ष कमिश्नरेट की ओर से दो बड़े योग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। पहला कार्यक्रम मैथन डैम में और दूसरा दुर्गापुर में आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों का उद्देश्य पुलिसकर्मियों में शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य, अनुशासन और तनाव प्रबंधन को बढ़ावा देना है।
उन्होंने कहा कि पुलिस बल के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है और योग इसके लिए एक प्रभावी माध्यम है। इसलिए सभी पुलिसकर्मियों को नियमित रूप से योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
गौरतलब है कि 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाएगा। इसके मद्देनजर पूरे पश्चिम बंगाल में विभिन्न जागरूकता और सहभागिता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस वर्ष राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम कोलकाता में आयोजित होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है।
मैथन डैम पर आयोजित इस मेगा योग शिविर का समापन पुलिसकर्मियों द्वारा नियमित योगाभ्यास और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के संकल्प के साथ हुआ।










