दुर्गापुर में बुलडोज़र कार्रवाई पर बवाल: सरकारी ज़मीन से क्लब हटाने पहुँची ADDA, केंद्रीय बल तैनात

पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर के कोकओवन थाना क्षेत्र के करंगपाड़ा स्थित पीसीबीएल रोड पर सरकारी ज़मीन पर बने युवशक्ति स्पोर्टिंग क्लब को हटाने पहुँची आसनसोल-दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। स्थिति तनावपूर्ण होने पर इलाके में केंद्रीय बल की तैनाती करनी पड़ी।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस क्लब से लंबे समय तक तृणमूल कांग्रेस की राजनीतिक गतिविधियाँ संचालित होती थीं। वहीं भाजपा के दो गुटों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर तीखी नोकझोंक देखने को मिली।

एक पक्ष का आरोप है कि क्लब का इस्तेमाल पहले राजनीतिक गतिविधियों के लिए किया जाता था, जबकि दूसरे पक्ष का कहना है कि यदि अतिक्रमण हटाना ही उद्देश्य है, तो क्षेत्र के अन्य अवैध निर्माणों पर भी समान कार्रवाई होनी चाहिए। उनका आरोप है कि केवल इसी क्लब को निशाना बनाया गया और विरोध करने पर उन्हें जबरन हटाया गया।

काफी तनाव और विरोध के बीच आखिरकार प्रशासन ने बुलडोज़र चलाकर युवशक्ति स्पोर्टिंग क्लब को ध्वस्त कर दिया।










