ओडलाबाड़ी फ्लाईओवर पर भीषण सड़क हादसा, एंबुलेंस और इनोवा की आमने-सामने टक्कर; दोनों चालक गंभीर घायल
जलपाईगुड़ी: ओडलाबाड़ी के पास राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित फ्लाईओवर पर मंगलवार को एक एंबुलेंस और इनोवा कार की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायलों की पहचान नंदन सोनार (35), निवासी दालिमकोट, तथा रामचंद्र गाटोया (45), निवासी मिंग्लास चाय बागान, के रूप में हुई है। दोनों ही अपने-अपने वाहनों के चालक हैं। दुर्घटना के समय एंबुलेंस में अन्य कोई व्यक्ति मौजूद था या नहीं, इसकी जांच पुलिस कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मिंग्लास चाय बागान क्षेत्र से एंबुलेंस ओडलाबाड़ी की ओर जा रही थी, जबकि ओडलाबाड़ी से मालबाजार की ओर जा रही इनोवा कार फ्लाईओवर पर पहुंची। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन फ्लाईओवर पर ही बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू करते हुए दोनों घायलों को पहले ओडलाबाड़ी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मालबाजार सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर सड़क से हटाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।










