जनगणना 2026: आसनसोल नगर निगम ने ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ के लिए रवाना किया जागरूकता टैबलो, 106 वार्डों में लोगों को किया जाएगा जागरूक
कुल्टी: भारत में राष्ट्रीय जनगणना का काम शुरू हो चुका है, जिसे लेकर पश्चिम बंगाल और स्थानीय स्तर पर प्रशासनिक तैयारियां तेज हैं। इसी कड़ी में आज आसनसोल नगर निगम से एक विशेष जागरूकता टैबलो (झांकी) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। यह टैबलो नगर निगम के सभी 106 वार्डों में घूम-घूमकर आम जनता को जनगणना और विशेष रूप से ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ (स्व-गणना) की प्रक्रिया के प्रति जागरूक करेगा।खुद अपलोड कर सकेंगे अपनी जानकारीइस बार की जनगणना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि नागरिकों को अपने परिवार और स्वयं से जुड़े तथ्यों को खुद ही सरकारी पोर्टल पर अपलोड करने की सुविधा दी गई है। इस पूरी प्रक्रिया को ‘सेल्फ एन्यूमरेशन’ का नाम दिया गया है। प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल पहल से डेटा बिल्कुल सटीक होगा और लोगों को भी सहूलियत मिलेगी।अधिकारियों ने कहा- काम में आएगी तेजीनगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस टैबलो को रवाना करने का मुख्य उद्देश्य लोगों को जागरूक करना है। जब तक जनगणना अधिकारी लोगों के घरों तक पहुंचेंगे, उससे पहले ही जागरूक नागरिक पोर्टल पर अपनी जानकारियां दर्ज करा चुके होंगे। इससे जमीनी स्तर पर वेरिफिकेशन का काम बेहद आसान और कम समय में संपन्न हो सकेगा। प्रशासन ने सभी शहरवासियों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है।










