बर्नपुर मिड टाउन क्लब चुनाव में ‘द ट्रू डेमोक्रेटिक अलायंस’ ने जारी किया संकल्प पत्र
11 अगस्त को होगा मतदान, क्लब के विकास और सदस्यों को बेहतर सुविधाएं देने का किया वादा
बर्नपुर: बर्नपुर मिड टाउन क्लब के वर्ष 2026-28 के चुनाव को लेकर ‘द ट्रू डेमोक्रेटिक अलायंस’ ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। गठबंधन ने क्लब को आधुनिक, पारदर्शी और सदस्यों के लिए अधिक सुविधाजनक बनाने का वादा किया है। गठबंधन की ओर से जारी संकल्प पत्र में खेल, संस्कृति, स्वास्थ्य, मनोरंजन, डिजिटल सुविधा और परिवार-केंद्रित गतिविधियों पर विशेष जोर दिया गया है।
संकल्प पत्र में क्लब परिसर में एलईडी स्क्रीन और बिलियर्ड्स जोन विकसित करने, राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की स्क्रीनिंग, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विशेष आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है। क्लब के सदस्यों के लिए वार्षिक कार्यक्रम कैलेंडर तैयार करने का भी प्रस्ताव रखा गया है, ताकि पूरे वर्ष होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी पहले से उपलब्ध हो सके।
गठबंधन ने सदस्यों के लिए ग्रुप मेडिकल इंश्योरेंस योजना शुरू करने का प्रयास करने तथा स्वास्थ्य जांच और चिकित्सा शिविर आयोजित करने का भी वादा किया है। इसके अलावा क्लब के सदस्यों और उनके परिवारों के लिए विभिन्न कार्यक्रमों और सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही गई है।
घोषणापत्र में स्विमिंग पूल के पुनर्जीवन, मल्टी जिम को आधुनिक बनाने और क्लब परिसर में लाइब्रेरी एवं रीडिंग हॉल विकसित करने की योजना शामिल है। विज्ञान प्रदर्शनी, बच्चों और युवाओं के लिए गतिविधियों तथा खेलकूद को बढ़ावा देने की भी बात कही गई है। पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए समर्पित पार्किंग जोन विकसित करने का प्रस्ताव रखा गया है।
परिवारों को क्लब से जोड़ने के लिए वार्षिक फैमिली पिकनिक, पारिवारिक कार्यक्रम, महिलाओं के लिए किटी पार्टी, फैशन शो और अन्य मनोरंजक गतिविधियां आयोजित करने का वादा किया गया है। सदस्यों के बच्चों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं और कार्यक्रम कराने की भी योजना बताई गई है।
गठबंधन ने क्लब को डिजिटल बनाने की दिशा में मोबाइल एप शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। एप के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग, कार्यक्रमों की जानकारी, क्लब की गतिविधियों के अपडेट, फोटो गैलरी, सदस्यता संबंधी जानकारी, मासिक स्टेटमेंट तथा शिकायत और सुझाव की सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई है। ऑनलाइन बुकिंग व्यवस्था को व्यापक बनाने तथा क्लब को कैशलेस बनाने का भी संकल्प लिया गया है।
संकल्प पत्र में एसएआईएल-आईएसपी से संबद्ध को-ऑपरेटिव सोसाइटी के साथ समन्वय बढ़ाने, चिकित्सा शिविर लगाने तथा सदस्यों के हित में विभिन्न योजनाएं शुरू करने की बात कही गई है। साथ ही क्लब के रेस्तरां के आधुनिकीकरण, हॉल और कमरों की सुविधाओं में सुधार तथा सदस्यों के लिए विशेष पैकेज उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
गठबंधन ने 31 दिसंबर को विशेष ग्रैंड सेलिब्रेशन आयोजित करने, जिसमें ग्रैंड बुफे डिनर और लाइव म्यूजिक बैंड जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे, का भी वादा किया है। क्लब की वार्षिक पत्रिका प्रकाशित करने तथा क्लब की पहचान और गतिविधियों को और मजबूत करने की बात कही गई है।
‘द ट्रू डेमोक्रेटिक अलायंस’ ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि उसका उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि बर्नपुर मिड टाउन क्लब को एक बेहतर, आधुनिक और मजबूत क्लब के रूप में विकसित करना है। गठबंधन ने सदस्यों से समर्थन की अपील करते हुए कहा है कि उनका वोट क्लब के भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
गठबंधन के प्रमुख उम्मीदवार
जनरल सेक्रेटरी: पवन कुमार गुप्ता
असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी: घनश्याम वर्मा
ट्रेजरर: आलोक कुमार महापात्र
स्पोर्ट्स सेक्रेटरी: जय प्रकाश कोइरी
कल्चरल सेक्रेटरी: नवीन कुमार बाउरी
फूड एंड बेवरेजेज सेक्रेटरी: मधु रंजन कुमार
एंटरटेनमेंट सेक्रेटरी: ओम प्रकाश पासवान
लाइब्रेरी सेक्रेटरी: विष्णु मोहन पुष्टि
कमेटी सदस्य: अनिल कुमार साव, भगवत कुमार, ललन यादव, नितीश कुमार और संतोष नाथु पिंपलकर।
बर्नपुर मिड टाउन क्लब चुनाव 2026-28 के लिए मतदान 11 अगस्त 2026 को सुबह 11 बजे से शाम 7 बजे तक होगा।










