कुल्टी थाना के चलबलपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन: अवैध लोहे से लदा ट्रक जब्त, तस्कर गिरोह का चालक सूर्यकांत गिरफ्तार
कुल्टी:आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट अंतर्गत कुल्टी थाने की नियामतपुर फांड़ी पुलिस ने कल देर रात एक गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चौरंगी फांड़ी क्षेत्र के चलबलपुर इलाके में विशेष अभियान चलाकर लोहे के रॉड्स (छड़) से लदे एक ट्रक को जब्त किया है। इसके साथ ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक सूर्य कांत मंडल को मौके से गिरफ्तार कर लिया है।गुप्त सूचना पर पुलिस ने बिछाया जालपुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, नियामतपुर फांड़ी के अधिकारियों को गुप्त सूचना मिली थी कि चलबलपुर के रास्ते भारी मात्रा में अवैध लोहा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने चौरंगी फांड़ी इलाके में नाकेबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध ट्रक वहां पहुंचा, पुलिस ने उसे रोक लिया। जांच करने पर ट्रक में भारी मात्रा में लोहे के रॉड लदे मिले, जिसके संबंध में चालक कोई वैध दस्तावेज या चालान पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।5 दिनों की पुलिस रिमांड पर लेने की तैयारीअवैध लोहे की इस बड़ी खेप के पीछे जुड़े तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस मुस्तैद हो गई है। गिरफ्तार चालक सूर्य कांत मंडल को आज आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस अवैध कारोबार के मुख्य सरगना और लोहे की इस खेप को कहां खपाया जाना था, इसका पता लगाने के लिए आरोपी चालक को 5 दिनों की पुलिस हिरासत (रिमांड) में लेने के लिए अदालत में आवेदन किया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में लोहा तस्करी के एक बड़े रैकेट का खुलासा हो सकता है।










