बांग्लादेश भेजी जानी थी नशीली कफ सिरप की बड़ी खेप, बॉर्डर से पहले पुलिस ने दबोचा तस्कर
बशीरहाट : भारत-बांग्लादेश सीमा के जरिए नशीली दवाओं की तस्करी की कोशिश को बशीरहाट थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर टकी रोड के अमताला इलाके में नाकाबंदी कर एक मिनी ट्रक को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन से 4,438 बोतल प्रतिबंधित फेंसीडिल कफ सिरप बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, बरामद खेप को सीमावर्ती इलाके साकचूड़ा ले जाया जा रहा था, जहां से इसे कथित तौर पर बांग्लादेश भेजने की योजना थी। मामले में हुसैन बिस्वास नामक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने वाहन और बरामद फेंसीडिल को जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस तस्करी के पीछे कौन-कौन लोग हैं और खेप की सप्लाई कहां से हुई थी।
एक बड़ी खेप पकड़ी गई, लेकिन सवाल अब नेटवर्क तक पहुंचने का है।










