नियामतपुर में शांति समिति की बैठक: दुर्गा पूजा और महावीर अखाड़े में डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, सरकारी गाइडलाइन का पालन अनिवार्य
कुल्टी: आगामी दुर्गा पूजा और महावीर अखाड़ा त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए नियामतपुर फाड़ी परिसर में एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता एसीपी (वेस्ट) जावेद हुसैन ने की, जबकि मंच संचालन नियामतपुर फाड़ी प्रभारी उत्पल घोषाल द्वारा किया गया। बैठक में मुख्य रूप से ट्रैफिक ओसी मीनाल कांती मुर्मू, क्षेत्र की विभिन्न पूजा कमेटियां, महावीर अखाड़ा कमेटियां, चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।बैठक को संबोधित करते हुए एसीपी जावेद हुसैन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान पश्चिम बंगाल सरकार द्वारा जारी सभी नियमों और निर्देशों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य होगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पंडाल में महालया से पहले पूजा की औपचारिकताएं शुरू नहीं होंगी और लक्ष्मी पूजा से पहले अनिवार्य रूप से प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने इस बार डीजे (DJ) बजाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई भी कमेटी या साउंड संचालक नियमों का उल्लंघन करता पाया गया, तो उसका साउंड सिस्टम तुरंत जब्त कर लिया जाएगा और संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा, महावीर अखाड़ा जुलूस के दौरान किसी भी तरह के हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। सभी अखाड़ा और पूजा कमेटियों को प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट (रास्ते) का ही पालन करना होगा। सुरक्षा के लिहाज से सभी पूजा कमेटियों को निर्देश दिया गया है कि वे रात 12 बजे के बाद पंडालों में अनिवार्य रूप से सुरक्षा गार्ड की तैनाती सुनिश्चित करें।










