*सीएमए परीक्षा में देश में 38 वां, प्रांत में प्रथम रैंक हासिल किया*
बराकर। बराकर की बेटी ने फिर एक बार शहर का नाम रोशन किया है। पिता स्व विकास पोद्दार का सिर पर से साया खोने के बाद अपने पिता के सपनो को साकार करने वाली विधिशी पोद्दार ने प्रतिष्ठित सीएमए परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 38 वां स्थान पाकर यह साबित कर दिया कि लक्ष्य की बाधाओं को मेहनत और लगन के भरोसे पार किया जा सकता है। विधिशी के चाचा नवीन पोद्दार व अमित पोद्दार ने मीडिया को बताया कि देश में 38 वां तथा प्रांत में बिटिया ने प्रथम स्थान पाकर हम सभी घरवालों के संग नगरवासियों का भी मान बढ़ाया है। ज्ञातव्य हो कि विधिशी ने एजी चर्च आसनसोल से बारहवीं तक पढ़ाई करने के बाद शिक्षायतन कॉलेज कोलकाता से बीकॉम किया और साथ में सीएमए की तैयारी भी कर रही थी। आगे वह अक्चुरीज का अध्ययन करना चाहती है। विधिशी ने कहा कि वह सफलता का श्रेय स्वर्गीय पिता विकास पोद्दार, माता संगीता पोद्दार सहित घर के सभी बुजुर्गों और शिक्षकों को देती है, जिनके आशीर्वाद से परीक्षा में सफलता हासिल की है। सीएमए की परीक्षा में देशभर से 80 हज़ार से भी अधिक परीक्षार्थियों ने भाग लिया था।


















