प्रेस विज्ञप्ति (Hindi)
*आईआईटी खड़गपुर ने पुरुलिया में स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम के माध्यम से अपनी शैक्षणिक पहुंच को सुदृढ़ किया, भाषा प्रौद्योगिकी में युवा प्रतिभाओं को किया प्रेरित*
खड़गपुर, 18 मार्च 2026: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आई.आई.टी.) खड़गपुर के प्लेटिनम जुबिली समारोह के अंतर्गत पुरुलिया, पश्चिम बंगाल में एक स्कूल कनेक्ट कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह पहल संस्थान की शैक्षणिक पहुंच को सुदृढ़ करने और समावेशी शिक्षा को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कक्षा 7 से 10 तक के विद्यार्थियों को प्राकृतिक भाषा डेटा के विश्लेषण की मूलभूत अवधारणाओं से परिचित कराना तथा बहुभाषिकता और भाषा प्रौद्योगिकी के प्रति उनकी समझ विकसित करना था।

यह कार्यक्रम बाघमुंडी हाई स्कूल (एच.एस.) और रामकृष्ण मिशन विद्यापीठ में आयोजित किया गया, जहां विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशालाओं के दौरान विद्यार्थियों को प्राकृतिक भाषा डेटा संग्रह, डेटा सत्यापन तथा बहुभाषी डेटा के माध्यम से मॉडल प्रशिक्षण की व्यावहारिक जानकारी दी गई। साथ ही, उन्होंने लुप्तप्राय भाषाओं, भाषा पारिस्थितिकी के बारे में सीखा और बांग्ला एवं अन्य स्थानीय भाषाओं में भाषा संबंधी पहेलियों को हल किया।
कार्यक्रम का समन्वयन एवं संचालन डॉ. द्रिप्ता पिपलाई (मंडल) औरडॉ. बोरनिनी लाहिड़ी, मानविकी एवं सामाजिक विज्ञान विभाग, IIT खड़गपुर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में आमंत्रित वक्ताओं डॉ रितेश कुमार और प्रोफेसर बिस्वजीत रे ने अपने विशेषज्ञ विचारों से इसे समृद्ध बनाया।
संस्थान श्रीमती महुआ बसाक और श्री स्वामी शिवप्रदानन्द के प्रति उनके सहयोग और समर्थन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करता है। इस प्रकार की पहलों के माध्यम से आईआईटी खड़गपुर विद्यालयी शिक्षा के साथ अपनी गतिविधियों को और प्रचारित करते हुए युवा प्रतिभाओं को नए ज्ञान क्षेत्रों की ओर प्रेरित कर रहा है।
प्रतीक दामा
जनसंपर्क अधिकारी
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान खड़गपुर






