दिल्ली पब्लिक स्कूल, आसनसोल में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

दिल्ली पब्लिक स्कूल, आसनसोल में देश का 80वाँ स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध फुटबॉलर एवं राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकीं सुश्री अद्रिजा सरकार उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ विद्यार्थियों की शानदार परेड के साथ हुआ। तत्पश्चात विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती विनीता श्रीवास्तव ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा छात्रों ने सलामी दे राष्ट्र के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की ।
विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम , समूह गान एवं नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किए। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समकालीन विषयों और समाज की गंभीर समस्याओं को प्रभावी ढंग से उजागर किया गया। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने सामाजिक जागरूकता के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
समारोह के अंत में पुरस्कार वितरण किया गया। विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रधानाचार्या द्वारा सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्रसिद्धि शर्मा को पश्चिम बंगाल स्टेट राइफल शूटिंग चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। प्रसिद्धि ने यूथ वूमेन और जूनियर वूमेन वर्ग में स्वर्ण तथा सब-जूनियर वूमेन और सीनियर वूमेन वर्ग में रजत पदक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
समारोह ने विद्यार्थियों में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को और अधिक प्रबल किया।










