प्रेस विज्ञप्ति संख्या: ईआर/एएसएन/2026/04/22
*आसनसोल मंडल द्वारा भूतपूर्व सैनिकों की नियुक्ति हेतु आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट संगठन के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर*
*संचालन क्षमता सुदृढ़ करने हेतु भूतपूर्व सैनिकों को पॉइंट्समैन के रूप में किया जाएगा नियुक्त*
आसनसोल, 10 अप्रैल 2026:
संचालन क्षमता एवं सुरक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने 10 अप्रैल 2026 को आसनसोल में आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट संगठन, कोलकाता के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के अंतर्गत आसनसोल मंडल के परिचालन विभाग में भूतपूर्व सैनिकों को संविदा के आधार पर पॉइंट्समैन के रूप में नियुक्त किया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों के अनुभव, अनुशासन एवं विश्वसनीयता का प्रभावी उपयोग करते हुए रेल परिचालन को और अधिक सुदृढ़ बनाना तथा सुरक्षा मानकों को बेहतर करना है।
इस समझौते पर आसनसोल मंडल की ओर से वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक ने हस्ताक्षर किए। वहीं, आर्मी वेलफेयर प्लेसमेंट संगठन, कोलकाता की ओर से कर्नल (निदेशक) ने मंडल रेल प्रबंधक, आसनसोल की उपस्थिति में इस पर हस्ताक्षर किए।
समझौते के अनुसार चयनित भूतपूर्व सैनिकों की तैनाती हस्ताक्षर की तिथि से दो माह के भीतर पूर्ण किए जाने की संभावना है। उनकी नियुक्ति से मंडल में परिचालन समन्वय, समयबद्धता तथा सुरक्षित ट्रेन संचालन में और अधिक सुधार होगा।
यह समझौता आसनसोल मंडल द्वारा प्रशिक्षित एवं अनुशासित मानव संसाधन के समावेशन के माध्यम से अपने परिचालन ढांचे को सुदृढ़ करने की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह पहल न केवल रेल परिचालन की दक्षता, सुरक्षा एवं विश्वसनीयता को बढ़ाएगी, बल्कि भूतपूर्व सैनिकों को सार्थक रोजगार के अवसर भी प्रदान करेगी।








