प्रेस विज्ञप्ति संख्या: ER/ASN/2025/08/12
आसनसोल, 08 अगस्त 2025:
भारत सरकार ने आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत 2022 में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान शुरू किया था, जिसका उद्देश्य नागरिकों को अपने घरों में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रोत्साहित करना और तिरंगे के साथ एक व्यक्तिगत और भावनात्मक जुड़ाव बनाना था। वर्षों से, यह पहल एक जन-आंदोलन के रूप में विकसित हुई है, जो देशभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की सामूहिक भावना को दर्शाती है। इस सतत परंपरा के अंतर्गत “हर घर तिरंगा 2025” अभियान पूरे देश में 02 से 15 अगस्त, 2025 तक मनाया जा रहा है।

पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल ने भी इस राष्ट्रव्यापी उत्सव में बड़े उत्साह के साथ भाग लिया और 02 से 08 अगस्त, 2025 तक अभियान के पहले चरण का आयोजन किया। रेलवे कर्मचारियों, उनके परिवारों और व्यापक जन-समुदाय में राष्ट्रवाद की भावना जागृत करने के लिए रेलवे कॉलोनियों, स्टेशनों, स्कूलों और कार्यालयों में विभिन्न सांस्कृतिक, शैक्षिक और देशभक्तिपूर्ण गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
आसनसोल स्थित रेलवे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय ने राष्ट्रीय ध्वज और स्वतंत्रता आंदोलन पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं का आयोजन करके सक्रिय भूमिका निभाई। छाता नृत्य प्रदर्शन, राखी बनाना, रंगोली बनाना, शिल्प सत्र और ध्वज-थीम वाली कलाकृतियाँ जैसी रचनात्मक गतिविधियों ने छात्रों में देशभक्ति की भावना को प्रेरित किया। अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव की भावना जगाने के लिए ड्रिल प्रदर्शन भी आयोजित किए गए।
अभियान के दूसरे चरण के दौरान 09 से 12 अगस्त,2025 तक पूरे मंडल में तिरंगा बाइक और साइकिल रैलियों का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, स्टेशनों और कार्यालय भवनों की तिरंगा थीम वाली लाइटिंग और सजावट देशभक्ति के माहौल को और बढ़ाएगी।
यह समारोह 13 से 15 अगस्त, 2025 तक तीसरे चरण के साथ समाप्त होगा, जिसमें ध्वजारोहण समारोह और एक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जुड़ाव पहल शामिल होगी, जिसमें नागरिकों को #SelfieWithTiranga अभियान के तहत www.harghartiranga.com पर राष्ट्रीय ध्वज के साथ अपनी तस्वीरें अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
ऐसी जीवंत और समावेशी पहलों के माध्यम से, आसनसोल मंडल हर घर तिरंगा के राष्ट्रीय आंदोलन को मजबूत कर रहा है और तिरंगे के साथ एकता, गौरव और भावनात्मक जुड़ाव को बढ़ावा दे रहा है।








