ईद मिलन समारोह बना आपसी भाईचारे का मिसाल
आसनसोल :शहर के रेलपार इलाके में इंटरनेशनल इक्विटेबल ह्यूमन राइट्स सोशल काउंसिल की ओर से ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। संस्था की सिटी उपाध्यक्ष (विमेन विंग) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों, गणमान्य नागरिकों और युवाओं ने भाग लिया। इसका मुख्य उद्देश्य आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश देना था।
समारोह में सभी समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया गया, जिसमें बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी वर्गों के लोग शामिल हुए।कलाकारों ने गीत पेश कर समां बांध दिया।
इस अवसर पर संस्था के चेयरमैन संजय सिन्हा ने अपने संबोधन में कहा कि ईद का त्योहार आपसी प्रेम, त्याग और भाईचारे की सीख देता है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे आयोजन समाज में मेल-जोल बढ़ाने और दिलों को जोड़ने में सहायक होते हैं। उन्होंने सभी नगरवासियों को ईद की बधाई देते हुए क्षेत्र में शांति, तरक्की और खुशहाली की कामना की।चेयरमैन संजय सिन्हा ने 15 महिलाओं और 10 कलाकारों को सम्मानित किया।
समारोह में संजय सिन्हा के अलावा संस्था के अक्षय गुप्ता,अंजन दे,अरशद करीम आदि मुख्य रूप से उपस्थित थे।। इन सभी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई और उपस्थित लोगों को ईद की हार्दिक बधाई दी। सभी ने एक स्वर में आपसी एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत बनाने पर बल दिया।कार्यक्रम में मिठाइयों और विभिन्न व्यंजनों का इंतजाम किया गया था, जिसका उपस्थित लोगों ने आनंद लिया। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे से मुलाकात कर पुरानी यादें ताजा कीं। अंत में, सभी ने मिलकर देश में अमन-चैन, खुशहाली और तरक्की की दुआ की। यह ईद मिलन समारोह आसनसोल क्षेत्र में सामाजिक एकता और आपसी भाईचारे का एक उदाहरण बना।










