ऐतिहासिक शपथ ग्रहण का जश्न: कुल्टी के नियामतपुर भाजपा कार्यालय में बांटी गई झालमुड़ी और लड्डू
कुल्टी: कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज पश्चिम बंगाल के राजनीतिक इतिहास का एक नया अध्याय लिखा गया। राज्य के पूर्व विपक्षी नेता शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के नौवें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। भाजपा की इस पहली सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी ने इस पल को ऐतिहासिक बना दिया।
शुभेंदु अधिकारी के साथ दिलीप घोष, अग्निमित्रा पॉल, अशोक कीर्तनिया, निशीथ प्रामाणिक और खुदीराम टुडू ने भी पूर्ण मंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि का उत्साह पश्चिम बर्दवान जिले में भी जमकर देखने को मिला। कुल्टी विधानसभा के नियामतपुर सेंट्रल भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भारी उत्साह के साथ जीत का जश्न मनाया। इस खुशी के मौके पर आज दोपहर 12 बजे भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहगीरों और आम लोगों के बीच झालमुड़ी और लड्डू वितरित कर अपनी खुशी साझा की। कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह बंगाल में एक नए युग की शुरुआत है।










