कुल्टी से उठी परिवर्तन की हुंकार: 2026 में बंगाल में भाजपा सरकार का दावा — डॉ. अजय पोद्दार
चीनाकुरी ECL ग्राउंड से परिवर्तन संकल्प यात्रा का शंखनाद, ब्रिगेड कोलकाता में पीएम नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित ऐतिहासिक जनसभा की तैयार
कुल्टी
परिवर्तन संकल्प यात्रा जनसभा को लेकर कुल्टी मंडल 3 के चीनाकुरी स्थित ईसीएल ग्राउंड हैंगर पंडाल में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार ने पश्चिम बंगाल की राजनीतिक दिशा को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और परिवर्तन संकल्प यात्रा राज्य में ऐतिहासिक बदलाव का मार्ग प्रशस्त करेगी।
विधायक डॉ. पोद्दार ने बताया कि परिवर्तन संकल्प यात्रा, जिसे बंगाल में परिवर्तन रथ यात्रा के रूप में आगे बढ़ाया जा रहा है, पुरुलिया विभाग के माध्यम से आसनसोल जिला, पुरुलिया जिला, बांकुरा जिला एवं विष्णुपुर क्षेत्र से होते हुए कोलकाता के ब्रिगेड मैदान में एक ऐतिहासिक जनसभा के रूप में संपन्न होगी। इस अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का कार्यक्रम प्रस्तावित है, जो जनसमर्थन के नए आयाम स्थापित करेगा।
पत्रकार सम्मेलन का आयोजन आसनसोल जिला की ओर से किया गया, जिसमें जिला को मीडिया इंचार्ज संतोष कुमार ने समन्वय की भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।
डॉ. अजय पोद्दार ने आगे बताया कि पूरे पश्चिम बंगाल में परिवर्तन जनसभा रथ यात्रा 1 मार्च एवं 2 मार्च को राज्य के 9 विभिन्न स्थानों से एक साथ प्रारंभ होगी, जिसमें कुल्टी विधानसभा भी शामिल है। उन्होंने कहा कि कुल्टी को इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की मेजबानी का विशेष सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
रविवार दोपहर 2 बजे आयोजित होने वाली भव्य जनसभा में बड़ी संख्या में जनता के पहुंचने की उम्मीद जताई गई है। विधायक ने कहा कि यह जनसभा परिवर्तन की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगी और जनता का आशीर्वाद भारतीय जनता पार्टी को मजबूती प्रदान करेगा।










