दक्षिण पूर्व रेलवे
प्रेस विज्ञप्ति
कोलकाता, 18 फरवरी, 2026
दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर एवं आद्रा मंडलों की मंडलीय समिति के माननीय लोकसभा सांसदों ने 18.02.2026 को कोलकाता में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, श्री अनिल कुमार मिश्रा के साथ बैठक की। इस बैठक में कुल 10 माननीय सांसद उपस्थित रहे। मंडलीय समिति की बैठक की अध्यक्षता माननीय सांसद श्री शत्रुघ्न प्रसाद सिन्हा ने की।
बैठक में माननीय सांसद श्री सौमेंदु अधिकारी, श्री अभिमन्यु सेठी, श्री अभिजीत गंगोपाध्याय, श्री प्रताप चंद्र सारंगी, श्री प्रसून बनर्जी, श्री चंद्र प्रकाश चौधरी, श्रीमती साजदा अहमद, श्री कालीपद सरन एवं श्रीमती जून मालिया भी उपस्थित थीं।
दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक, श्री अनिल कुमार मिश्रा ने माननीय सांसदों का स्वागत किया तथा उनके निरंतर सहयोग एवं समर्थन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया। महाप्रबंधक ने वर्तमान वित्तीय वर्ष में दक्षिण पूर्व रेलवे के माल ढुलाई एवं यात्री क्षेत्र के प्रदर्शन की जानकारी दी। उन्होंने यात्रियों को प्रदान की जा रही यात्री सुविधाओं से संबंधित कार्यों पर भी प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान माननीय सांसदों ने यात्रियों के हित में ट्रेन सेवाओं, ठहराव, स्वच्छता, रेलवे परियोजनाओं के शीघ्र निष्पादन आदि से जुड़े विभिन्न विषयों पर रेलवे प्रशासन को सुझाव दिए। माननीय सांसदों ने विभिन्न स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं के कार्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने नई ट्रेनों के परिचालन, वर्तमान ट्रेनों के नए ठहराव, स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं की व्यवस्था तथा ट्रेनों की समयपालन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया। नई रेल लाइनों के निर्माण एवं पूर्णता, सड़क ऊपरी पुल (आरओबी), अंडरपास, ट्रेनों की आवृत्ति में वृद्धि, सेवाओं के विस्तार, स्टेशनों के उन्नयन आदि विषयों पर भी विस्तृत चर्चा हुई। खड़गपुर एवं आद्रा मंडल में रेलवे अवसंरचना के विकास हेतु सांसदों ने अपने बहुमूल्य सुझाव भी प्रस्तुत किए।
महाप्रबंधक ने कहा कि यात्री सुविधाओं एवं रेलवे अवसंरचना के विकास के संबंध में माननीय सांसदों द्वारा दिए गए सुझावों की सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समीक्षा की जाएगी। माननीय सांसदों ने दक्षिण पूर्व रेलवे के समग्र प्रदर्शन की सराहना की तथा रेलवे के सुचारु संचालन हेतु अपने सहयोग का आश्वासन दिया।
बैठक में खड़गपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री ललित मोहन पांडेय, आद्रा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री मुकेश गुप्ता, अपर महाप्रबंधक/दक्षिण पूर्व रेलवे, श्री सौमित्र मजूमदार तथा दक्षिण पूर्व रेलवे के प्रधान विभागाध्यक्ष भी उपस्थित थे।
…………
फोटो कैप्शन:
दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर एवं आद्रा मंडल की मंडलीय समिति के माननीय सांसद 18 फरवरी, 2026 को कोलकाता में दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार मिश्रा के साथ बैठक करते हुए।










