खड़गपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का भव्य रोड शो
आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आज खड़गपुर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विशाल रोड शो कर भाजपा के चुनावी अभियान को नई गति दी। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के इस महत्वपूर्ण शहर में आयोजित रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी और समर्थकों ने “जय श्री राम” के नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।विशेष वाहन पर सवार होकर अमित शाह ने पूरे मार्ग में लोगों का अभिवादन किया। बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक पार्टी के झंडे और बैनर के साथ रोड शो में शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान खड़गपुर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में नजर आया।अपने संबोधन में अमित शाह ने राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, कट-मनी और सिंडिकेट राज खत्म करने की बात कही। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर घुसपैठ के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा महिलाओं, युवाओं और कर्मचारियों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं लागू की जाएंगी।रोड शो में उमड़ी भीड़ को देखकर अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता अब परिवर्तन चाहती है और भाजपा “सोनार बांग्ला” के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है। खड़गपुर को भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है, इसलिए यहां आयोजित यह रोड शो दक्षिण बंगाल की राजनीति में अहम माना जा रहा है।










