प्रेस विज्ञप्ति सं.: ER/ASN/2026/01/38
*जसीडीह रेलवे स्टेशन पर ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के तहत आरपीएफ द्वारा जीवन रक्षक कार्य*
*• आरपीएफ जवान की त्वरित सूझबूझ से टली बड़ी दुर्घटना*
*• सीपीडीएस टीम द्वारा यात्रियों की सुरक्षा पर सतत निगरानी*
आसनसोल, 24 जनवरी 2026:
पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल अंतर्गत जसीडीह रेलवे स्टेशन पर 24 जनवरी 2026 को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा ऑपरेशन “जीवन रक्षा” के तहत सतर्कता और तत्परता का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया गया, जिससे एक महिला यात्री की जान बच गई।
प्रातः लगभग 05:37 बजे, जब ट्रेन संख्या 12331 स्टेशन से प्रस्थान कर रही थी, तभी सामान लेकर एक महिला यात्री ने चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास किया। इस दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह फिसल गई, जिससे उसका शरीर आंशिक रूप से कोच के अंदर और शेष भाग बाहर रह गया। स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई थी।
उक्त समय आरपीएफ पोस्ट/दुमका के कांस्टेबल प्रमोद कुमार, जो वर्तमान में जसीडीह स्टेशन पर सीपीडीएस (क्राइम प्रिवेंशन एंड डिटेक्शन स्क्वाड) टीम के साथ तैनात थे, स्टेशन परिसर में निगरानी ड्यूटी पर थे। सीपीडीएस टीम का दायित्व यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दुर्घटनाओं और अप्रिय घटनाओं की रोकथाम हेतु निरंतर निगरानी करना है।
घटना को देखते ही कांस्टेबल प्रमोद कुमार ने तुरंत मौके पर पहुंचकर महिला यात्री को मजबूती से पकड़ते हुए चलती ट्रेन से सुरक्षित बाहर खींच लिया। उनकी त्वरित और साहसिक कार्रवाई से एक बड़ी दुर्घटना टल गई और महिला यात्री पूरी तरह सुरक्षित रहीं, उन्हें कोई चोट नहीं आई।
यह घटना ऑपरेशन “जीवन रक्षा” की प्रभावशीलता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत आरपीएफ के जवान रेलवे परिसरों में यात्रियों की सुरक्षा के प्रति सदैव सतर्क रहते हैं।
आरपीएफ कर्मियों की ऐसी सजग और जिम्मेदार कार्रवाइयों के माध्यम से आसनसोल मंडल यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल रेलवे वातावरण सुनिश्चित कर रहा है।










