दुर्गा पूजा और तर्पण से पहले कुल्टी में तालाबों और घाटों की सफाई अभियान जोरों पर, विधायक प्रतिनिधि ने लिया जायजा
आसनसोल/कुल्टी:
शारदीय दुर्गा उत्सव और तर्पण (महालया) के मद्देनजर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न तालाबों और घाटों की साफ-सफाई का विशेष अभियान शुरू कर दिया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आसनसोल नगर निगम की टीम द्वारा इस कार्य को पूरी सक्रियता के साथ अंजाम दिया जा रहा है।
इसी कड़ी में आज नियामतपुर स्थित शिव मंदिर तालाब पर चल रहे सफाई कार्य का जायजा लेने के लिए विधायक प्रतिनिधि और भाजपा मीडिया के संतोष वर्मा उर्फ टिंकू मौके पर पहुंचे। उन्होंने कार्यस्थल का निरीक्षण कर निगम के कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद संतोष वर्मा ने बताया कि कुल्टी के लोकप्रिय विधायक एवं लोक निर्माण व जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (PHE) मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं। मंत्री डॉ. पोद्दार का स्पष्ट आदेश है कि दुर्गा पूजा उत्सव शुरू होने से पहले कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी तालाबों और घाटों की साफ-सफाई हर हाल में दुरुस्त कर ली जाए।
मंत्री के इन्हीं निर्देशों का पालन करते हुए आसनसोल नगर निगम द्वारा यह सफाई अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि तर्पण और आगामी पूजा-अनुष्ठानों के दौरान घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।










