*बंटी खान बराकर :* बराकर नदी के पावन तट पर स्थित श्री शिव शक्ति मंदिर में तीन दिवसीय नवीन शिव मंदिर एवं शिव परिवार प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत सोमवार को धार्मिक उमंग और भक्ति की लहर के साथ हुई। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा, और समिति की ओर से निकाली गई भव्य कलश यात्रा ने पूरे इलाके में उत्साह का संचार कर दिया। सैकड़ों की संख्या में कन्याओं व महिलाओं ने माथे पर कलश धारण कर शक्ति मंदिर से पैदल यात्रा आरंभ की। बराकर नदी घाट पर पवित्र जल भरने के बाद नहर भ्रमण करते हुए वे वापस मंदिर लौटीं, जहां कलशों की भव्य स्थापना के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।यात्रा में महिलाओं की टोलियां मंगल गान और भगवान शिव के जयकारों से गुंजायमान थीं। पारंपरिक वेशभूषा में सजी कन्याएं एवं महिलाएं शिव-शक्ति की जय बुलाती हुईं आगे बढ़ रही थीं, जिससे पूरा मार्ग भक्ति रस से सराबोर हो गया। समिति के सभी सदस्यों के अलावा भारी संख्या में गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। इनमें अध्यक्ष सुरेश विश्वकर्मा, उपाध्यक्ष जमुना गुप्ता, सचिव अमरजीत गुप्ता, कोषाध्यक्ष महेश तिवारी सहित अन्य पदाधिकारी प्रमुख थे। यात्रा के दौरान पूरे इलाके में माहौल दिव्य हो गया, और स्थानीय निवासियों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।
समिति सचिव अमरजीत गुप्ता ने बताया कि रेलवे द्वारा निर्मित यह नवीन शिव मंदिर एवं शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा का महोत्सव 16 से 18 फरवरी तक चलेगा। सोमवार को कलश यात्रा के साथ शुरूआत के बाद मंडप पूजन सहित अन्य विधियां संपन्न हुईं। 17 फरवरी को अविवाहित देवता पूजन, पंचधान मंडल पूजन होगा, जबकि 18 फरवरी को मुख्य प्रतिष्ठा कार्यक्रम, अभिषेक, पूर्णाहुति, ब्राह्मण भोजन तथा अविवाहित देवता विसर्जन के साथ समापन होगा। यह आयोजन स्थानीय भक्तों के लिए आध्यात्मिक आनंद का केंद्र बनेगा।इस भव्य आयोजन से इलाके में धार्मिक जागरण की लहर दौड़ गई है। समिति ने सभी से सहयोग की अपील की है, ताकि यह कार्यक्रम और भी भव्यतापूर्ण बने।






