बाराबनी के स्कूल में छत का प्लास्टर गिरने से तीन छात्र घायल, विधायक अरिजीत राय ने दिए जांच के आदेश
बाराबनी: बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आमनला प्राथमिक विद्यालय में आज एक बड़ा हादसा टल गया। तीसरी कक्षा की पढ़ाई के दौरान अचानक छत की सीलिंग का प्लास्टर टूट कर गिर गया। इस दुर्घटना में तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।मरते-मरते बचे मासूम, प्राथमिक उपचार के बाद मिली छुट्टीघायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार किए जाने के बाद दो बच्चों को छुट्टी दे दी गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अरिजीत राय तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्कूल प्रबंधन से मुलाकात की और हादसे के कारणों की जानकारी ली।भ्रष्टाचार के कारण हुआ हादसा, दोषी ठेकेदार-इंजीनियर पर होगी कार्रवाई: अरिजीत रायपत्रकारों से बातचीत करते हुए विधायक अरिजीत राय ने पूर्ववर्ती व्यवस्था पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “पिछले 15 सालों में हुए भ्रष्टाचार का नतीजा आज सामने आया है, जिसके कारण तीन मासूम बच्चे मरते-मरते बचे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि मरम्मत के नाम पर सिर्फ स्कूल की बिल्डिंग की लीपा-पोती की गई थी, जिसके कारण यह हादसा हुआ।विधायक ने साफ किया कि प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह गंभीर है। इस मरम्मत कार्य से जुड़े ठेकेदार और इंजीनियर को बख्शा नहीं जाएगा। उनके खिलाफ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कानूनी कार्रवाई होगी। उन्होंने दोहराया कि भारतीय जनता पार्टी भ्रष्टाचार को लेकर ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है।क्लास रूम को किया गया सील, कल इंजीनियर करेंगे मुआयनाजब विधायक से पूछा गया कि क्या उसी प्रभावित कमरे में आगे भी कक्षाएं चलेंगी, तो उन्होंने बताया कि ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) से इस संबंध में बात हो चुकी है। फिलहाल उस कमरे को बंद कर दिया गया है। कल इंजीनियर आकर पूरे कमरे का जायजा लेंगे। अगर कमरा बच्चों के बैठने लायक सुरक्षित पाया गया, तभी वहां क्लास चलेगी। असुरक्षित होने की स्थिति में बच्चों की पढ़ाई जारी रखने के लिए उन्हें किसी दूसरी सरकारी जगह पर स्थानांतरित किया जाएगा।










