सड़क हादसे में श्रमिक की मौत शव रख कारखाने के गेट के सामने स्थानीय लोगो ने किया बिरोध प्रदर्शन

बंटी खान कुल्टी. कुल्टी थाना के चौरंगी फाड़ी अंतर्गत 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग से सटे लक्ष्मणपुर इलाके में एक श्रमिक की सड़क दुर्घटना में मौत को लेकर स्थानीय लोगो ने मचाया हंगामा, जहा स्थिति तनावपूर्ण हुइ, शुक्रवार दोपहर एक निजी कारखाने के गेट के सामने शव को रखकर मृतक के परिजनों और स्थानीय निवासियों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस घटना से पूरे इलाके में भारी उत्तेजना फैल गई।
स्थानीय और पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक श्रमिक की पहचान बुबाई दत्ता के रूप में हुई है, जो सालानपुर के खुदीका इलाके का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार की दोपहर टिफिन करने के बाद जब वह कारखाने में वापस लौट रहा था, तभी 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वह सड़क हादसे का शिकार हो गया। गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी मौत हो गई। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब शव इलाके में पहुँचा, तो परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा।
मृतक के परिवार का आरोप है कि कारखाने में ड्यूटी के दौरान और प्रवेश द्वार के पास ही यह दर्दनाक हादसा हुआ, लेकिन कारखाना प्रबंधन का रवैया पूरी तरह से अमानवीय है। परिजनों ने दावा किया कि गुरुवार से लेकर शुक्रवार तक प्रबंधन के किसी भी प्रतिनिधि ने उनसे संपर्क नहीं किया और न ही कोई संवेदना व्यक्त की। इसी उदासीनता के खिलाफ उन्होंने कारखाने के सामने शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्थानीय ने मांग की है कि मृतक के परिवार को उचित आर्थिक मुआवजा दिया जाए। परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी प्रदान की जाए।
स्थिति बिगड़ती देख चौरंगी फाड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुँची। साथ ही एसीपी (कुल्टी) और केंद्रीय बल के जवान भी तैनात किए गए। उत्तेजित भीड़ को शांत करने के लिए पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों और कारखाना प्रबंधन के साथ लंबी चर्चा की।
वही खबर लिखें जाने तक पुलिस और कारखाना अधिकारियों के बीच बातचीत के जरिए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास जारी है। एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है।










