*बंटी खान कुल्टी।* आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर के कुल्टी थाना अंतर्गत बराकर के बालतोड़िया वार्ड संख्या 66 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सात महीने के मासूम बच्चे का शव घर के पानी के टैंक से बरामद किया गया। बच्चे की मौत को लेकर परिवार में ही गंभीर आरोप-प्रत्यारोप शुरू हो गए हैं। मासूम की सगी मामी पर उसे पानी में डुबोकर मारने का आरोप लगाया गया है।
मृतक बच्चा इस्माइल अंसारी का नाती बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार, इस्माइल अंसारी अपनी पत्नी गुलशन आरा, बेटे शाहनवाज अंसारी की पत्नी सानिया प्रवीण और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ रहते हैं। शाहनवाज फिलहाल बैंगलोर में रहते हैं। सानिया की एक दस महीने की बेटी भी है।

बताया जा रहा है कि दादा-दादी अपने नाती पर ज्यादा स्नेह जताते थे, जिससे कथित तौर पर घर में तनाव का माहौल बन गया था। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सानिया प्रवीण ने तड़के सुबह सोते समय बच्चे को उठाया और पानी के टैंक में डुबो दिया।
सुबह जब इस्माइल अंसारी रोजा खोलने और नमाज के लिए तैयारी कर रहे थे, तब वे पानी लेने टैंक के पास पहुंचे। वहां उन्होंने बच्चे को पानी में डूबा देखा। घबराए इस्माइल ने तुरंत बच्चे को बाहर निकाला और मुस्कान को इसकी जानकारी दी। बच्चे की हालत देख मां बेसुध हो गई और रोते हुए सानिया पर हत्या का आरोप लगाया।
घटना की सूचना मुस्कान ने अपने पति को दी, जिसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही बराकर पुलिस फाड़ी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया, जहां पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस ने पूछताछ के लिए बच्चे की मामी सानिया प्रवीण, नाना इस्माइल अंसारी और नानी गुलशन आरा को हिरासत में लिया है। मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। लोग हैरान हैं कि आखिर पारिवारिक विवाद के चलते एक मासूम की जान कैसे चली गई।
(फिलहाल मामले मे पुलिस जांच जारी है, आधिकारिक पुष्टि के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।)








