सुरक्षित जीवन और समृद्ध परिवेश के लिए लगाएं कम से कम एक पौधा— प्रो० नसीम अहमद ख़ान
एक पौधा मां के नाम’ संकल्प के साथ मुमताज़ पी०जी० कॉलेज में हरित विकास महाअभियान का आगाज़
लखनऊ 12 जुलाई: मुमताज़ पी०जी० कॉलेज, लखनऊ में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ 2026’ अभियान के अंतर्गत एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं वन्यजीव विभाग तथा सूचना एवं जनसम्पर्क विभाग के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम में कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार के ‘हरित विकास’ के संकल्प को गति देना और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता फैलाना है, जिसके तहत इस वर्ष राज्य में बड़े पैमाने पर पौधारोपण का लक्ष्य रखा गया है। ‘उठो, बढ़ो, हाथ मिलाओ – मां के नाम पेड़ लगाओ’ के प्रेरक नारे के साथ पूरे कॉलेज परिसर में औषधीय, छायादार और फलदार पौधे रोपे गए।
कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कॉलेज के प्राचार्य प्रो० नसीम अहमद ख़ान ने अपने विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का उत्सव नहीं है, बल्कि यह हमारे सुरक्षित जीवन और समृद्ध परिवेश के लिए एक अनिवार्य जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल ठीक उसी तरह करनी चाहिए जैसे एक मां अपने बच्चे की करती है। पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए उन्होंने कॉलेज परिसर को हरा-भरा और प्रदूषण मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया।
इस महाअभियान में राष्ट्रीय सेवा योजना (एन०एस०एस०) कॉलेज इकाई के स्वयंसेवकों और एन०सी०सी० कैडेट्स ने अत्यंत उत्साह और अनुशासन के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने न केवल स्वयं पौधे लगाए बल्कि दूसरों को भी इस पुनीत कार्य से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में एन० एस० एस० कार्यक्रम अधिकारी डॉ० लियाक़त अली, डॉ० शीबा सिद्दीकी, डॉ० आमिर हुसैन सिद्दीकी और डॉ० ज़ीनत वारसी ने मुख्य भूमिका निभाई। इसके साथ ही विज्ञान संकाय की प्रभारी डॉ० उमा पाण्डेय और गणित एवं उर्दू विभागाध्यक्ष क्रमश: डॉ० अब्दुल मुईद सिद्दीकी व डॉ० यासिर अंसारी ने भी सक्रिय रूप से सहभागिता करते हुए पौधारोपण किया।
कॉलेज के अन्य शिक्षकों में वाणिज्य विभाग के रोमी फारुकी, शशांक मिश्रा समेत डॉ० संतोष अग्निहोत्री, डॉ० नीरू गुप्ता, राहुल त्रिपाठी, रतेंद्र सिंह और ममता यादव ने भी इस हरित अभियान में अपना अमूल्य योगदान दिया और पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पौधों के वैज्ञानिक और पर्यावरणीय महत्व से अवगत कराया।
इस पूरे कार्यक्रम के कुशल प्रबंधन और क्रियान्वयन में कॉलेज के शिक्षणेत्तर कर्मचारियों का भी विशेष सहयोग रहा । मोहम्मद इरशाद, आसिफ हुसैन, मोहम्मद वसीम, डॉ० शमा परवीन, तौफीक, मोहम्मद एराज, इरशाद अहमद और मोहम्मद मतीन ने कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संभालने में दिनभर सक्रियता दिखाई। इस विशेष मौके पर कॉलेज के माली जयकरण यादव ने गड्ढे तैयार करने से लेकर पौधों को सही तरीके से रोपने तक अत्यंत महत्वपूर्ण श्रमदान किया, जिसकी सभी उपस्थित जनों ने भूरि-भूरि प्रशंसा की। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने रोपे गए पौधों की देख-रेख, सुरक्षा और उनके नियमित सिंचाई की सामूहिक जिम्मेदारी ली।
कार्यालय,
मुमताज पी०जी० कॉलेज, लखनऊ
+91 9044044074