दक्षिण पूर्व रेलवे
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 02.11.2026
“आद्रा स्टेशन पर ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान आयोजित”
आद्रा, 02 नवंबर 2026: दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में 01 से 07 नवंबर 2026 तक आयोजित BRICS Sustainable Lifestyle Week-2026 के अंतर्गत आज दिनांक 02.11.2026 को आद्रा रेलवे स्टेशन पर ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता अभियान चलाया गया।
आज के अभियान की थीम ‘Save Energy: Switch Off Lights and Equipment When Not in Use’ (ऊर्जा बचाएं: उपयोग में न होने पर लाइट एवं विद्युत उपकरण बंद रखें) थी। इस अवसर पर यात्रियों एवं रेलकर्मियों को ऊर्जा के विवेकपूर्ण उपयोग तथा बिजली की अनावश्यक खपत रोकने के प्रति जागरूक किया गया।
आद्रा स्टेशन पर आयोजित इस जागरूकता कार्यक्रम में यात्रियों ने उत्साहपूर्वक एवं सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्हें दैनिक जीवन में ऊर्जा बचाने की छोटी-छोटी आदतें अपनाने, आवश्यकता न होने पर लाइट, पंखे एवं अन्य विद्युत उपकरणों को बंद रखने तथा ऊर्जा संरक्षण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।
इस अभियान के माध्यम से मिशन LiFE (Lifestyle for Environment) के उद्देश्यों के अनुरूप ऊर्जा संरक्षण को जनभागीदारी का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाने पर जोर दिया गया।
दक्षिण पूर्व रेलवे का आद्रा मंडल BRICS Sustainable Lifestyle Week-2026 के माध्यम से यात्रियों एवं रेलकर्मियों को ऊर्जा संरक्षण सहित पर्यावरण-अनुकूल जीवनशैली अपनाने के लिए निरंतर प्रेरित कर रहा है।








