प्रेस विज्ञप्ति संख्या : ER/ASN/2026/02/09
*आपका जीवन अनमोल है : आसनसोल मंडल ने रेल पटरियों पर अवैध प्रवेश और असुरक्षित पारगमन के खिलाफ जारी की कड़ी सुरक्षा चेतावनी*
*• आम जनता से रेल पटरियों पर अवैध प्रवेश न करने और सुरक्षा नियमों का हर हाल में पालन करने की अपील*
*• इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग एवं एलएचएस से सड़क–रेल संपर्क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित*
आसनसोल, 05 फरवरी 2026 :
पूर्व रेलवे के अंतर्गत आसनसोल मंडल ने रेल पटरियों पर अवैध रूप से प्रवेश करने और लेवल क्रॉसिंग पर असुरक्षित तरीके से पार करने से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आम जनता के लिए कड़ी सुरक्षा चेतावनी जारी की है। रेल पटरियों पर अवैध प्रवेश और सुरक्षा नियमों की अनदेखी, गंभीर दुर्घटनाओं और जान-माल के नुकसान का प्रमुख कारण बनी हुई है। ऐसे हादसे प्रायः लापरवाही, जल्दबाजी, ध्यान भटकने और चेतावनी संकेतों की अनदेखी के कारण होते हैं। रेल पटरियों पर अवैध रूप से चलना न केवल अत्यंत खतरनाक है, बल्कि यह रेलवे अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध भी है।
आसनसोल मंडल द्वारा लोगों को जागरूक करने के लिए प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, सोशल मीडिया तथा प्रत्यक्ष जनसंपर्क के माध्यम से निरंतर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों और सड़क उपयोगकर्ताओं को केवल अधिकृत पारगमन स्थलों जैसे लेवल क्रॉसिंग गेट एवं लिमिटेड हाइट सबवे (एलएचएस) का ही उपयोग करने की सलाह दी जा रही है। रेलवे सुरक्षा बल की टीमें भी अवैध प्रवेश करने वाले व्यक्तियों को समझाइश दे रही हैं और इससे जुड़े गंभीर खतरों के प्रति उन्हें सचेत कर रही हैं।
सुरक्षा को और सुदृढ़ करने के उद्देश्य से इंटरलॉक्ड लेवल क्रॉसिंग गेट उपलब्ध कराया गया है, जिसमें इलेक्ट्रिकल लिफ्टिंग बैरियर तथा स्टैंडबाय स्लाइडिंग गेट की व्यवस्था की गई है। यह प्रणाली ट्रेन संचालन को गेट संचालन से जोड़ती है, जिससे सिग्नलिंग और गेट प्रणाली के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित होता है तथा अनधिकृत पारगमन पर प्रभावी रोक लगती है। वहीं, एलएचएस के बढ़ते उपयोग से अवैध प्रवेश में कमी आ रही है और सड़क तथा रेल उपयोगकर्ताओं के लिए सुरक्षित आवागमन संभव हो रहा है।
आसनसोल मंडल सभी पैदल यात्रियों, दोपहिया वाहन चालकों और अन्य वाहन चालकों से अपील करता है कि लेवल क्रॉसिंग गेट बंद होने की स्थिति में धैर्यपूर्वक रुकें और गेट के पूरी तरह खुलने के बाद ही आगे बढ़ें। जल्दबाजी में गेट के नीचे से निकलने या साइकिल, सामान अथवा वाहन के साथ जबरन पार करने का प्रयास न करें। किसी भी स्थिति में अनधिकृत स्थानों से रेल पटरियों को पार न करें। सुरक्षा नियमों की अनदेखी गंभीर दुर्घटना और जान के नुकसान का कारण बन सकती है। आपका जीवन अनमोल है — सतर्क रहें, रेलवे सुरक्षा नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।







