उत्तर बंगाल में भारी बारिश का अलर्ट: PWD मंत्री ने की हाई-लेवल बैठक, आपदा प्रबंधन के लिए टीमें तैनातपहाड़ी इलाकों में भूस्खलन से निपटने के लिए मशीनरी और मानवबल मुस्तैद, 24 घंटे रखी जाएगी नजर
कोलकाता :उत्तर बंगाल के पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गई है। दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग में संभावित आपदा से निपटने के लिए गुरुवार को लोक निर्माण विभाग (PWD) के मंत्री डॉ. अजय कुमार पोद्दार की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय वर्चुअल समीक्षा बैठक हुई।बैठक में मंत्री डॉ. पोद्दार ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन, भारी मशीनरी और मानवबल को चौबीसों घंटे तैयार रखा जाए। उन्होंने संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखने की बात कहते हुए दोहराया कि राज्य सरकार नागरिकों की सुरक्षा और जनसुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है।अधिकारी और कर्मचारी अलर्ट परविभागीय सचिव सुश्री अंतरा आचार्य ने बैठक का समन्वय करते हुए मंत्री को भरोसा दिलाया कि PWD के सभी अधिकारी और कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हैं। किसी भी अप्रिय परिस्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया (Quick Response) के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।इन्फ्रास्ट्रक्चर पर रहेगी पैनी नजरडॉ. पोद्दार ने कहा कि भारी बारिश के कारण सड़कों, पुलों और अन्य महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचों को नुकसान न पहुंचे, इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी। विभाग ने पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन (Landslide) और सड़क अवरोध की स्थिति से तुरंत निपटने के लिए अतिरिक्त टीमों को तैनात कर दिया है।इस महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक में मंत्री और सचिव के साथ दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, अलीपुरद्वार और कालिम्पोंग के जिलाधिकारी (DM) तथा लोक निर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।










