कुल्टी में ‘महागुरु’ मिथुन चक्रवर्ती का भाजपा प्रार्थी अजय पोद्दार के समर्थन मे मेगा रोड शो, बाइक रैली से गरमाया सियासी माहौल,
महा गुरु की एक झलक पाने के लिये सड़क के दोनों ओर लोगो का जमावड़ा.
कुल्टी. कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल उस समय और गरमा गया, जब भाजपा प्रत्याशी डॉ. अजय पोद्दार के समर्थन में सोदपुर से डिसेरगढ़ तक भव्य बाइक रैली निकाली गई। इस रोड शो में ‘महागुरु’ मिथुन चक्रवर्ती की मौजूदगी ने समर्थकों में जबरदस्त उत्साह भर दिया।
खुली गाड़ी में सवार मिथुन चक्रवर्ती की एक झलक पाने के लिए सड़कों पर भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे रास्ते में समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया और रैली एक बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल गई।
प्रचार के दौरान मिथुन चक्रवर्ती ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के उस आरोप पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने केंद्रीय बलों पर भाजपा के पक्ष में मतदान प्रभावित करने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को हार का डर सता रहा है, इसलिए इस तरह के बयान दिए जा रहे हैं।
केंद्रीय एजेंसियों की भूमिका पर सवाल उठने पर उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच एजेंसियां पूरी तरह स्वतंत्र हैं और अपने निर्णय खुद लेती हैं।
चुनाव से ठीक पहले हुए इस मेगा रोड शो ने कुल्टी की राजनीति का तापमान और बढ़ा दिया है, जिससे आने वाले मतदान को लेकर उत्सुकता और भी तेज हो गई है।










