कुल्टी सर्व विश्वकर्मा समाज विकास परिषद ने किया विधायक का अभिनंदन, रोजगार और शिक्षा पर हुई चर्चा
कुल्टी:कुल्टी सर्व विश्वकर्मा समाज विकास परिषद की राष्ट्रीय टीम द्वारा शनिवार को कुल्टी विधायक कार्यालय में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार विश्वकर्मा के नेतृत्व में समाज के कार्यकर्ताओं ने स्थानीय विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार को पुष्पगुच्छ भेंट कर और उत्तरीय पहनाकर सम्मानित किया। इस दौरान उपस्थित गणमान्य लोगों और समाज के सदस्यों ने विधायक के प्रति आभार जताया।
समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रदीप कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि यह आयोजन समाज और प्रशासन के बीच आपसी सौहार्द व सहयोग को मजबूत करने का एक प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि विधायक डॉ. पोद्दार का मार्गदर्शन और सहयोग विश्वकर्मा समाज के विकास व उत्थान में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रकाश विश्वकर्मा, कमलेश शर्मा, सिद्धेस्वर शर्मा, सुभाष शर्मा, गणेश विश्वकर्मा और प्रेम साक्षी शर्मा सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
इस मौके पर समाज के प्रतिनिधियों ने मंच से विधायक के समक्ष समाज के विकास, शिक्षा, स्वरोजगार और युवाओं के लिए व्यावसायिक प्रशिक्षण से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव और मांगें रखीं।
विश्वकर्मा समाज की मांगों और सुझावों पर सकारात्मक रुख अपनाते हुए विधायक डॉ. अजय कुमार पोद्दार ने उन्हें आश्वस्त किया कि समाज की हर समस्या का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। विधायक ने एक बड़ा एलान करते हुए कहा कि आगामी 1 जून से विश्वकर्मा समुदाय के कल्याण के लिए कई नई पहलों की शुरुआत की जा रही है। उन्होंने समाज के युवाओं और महिलाओं के उज्जवल भविष्य के लिए इन कल्याणकारी कार्यक्रमों को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने का आह्वान भी किया।










