ट्रैफिक पुलिस ने सड़क सुरक्षा और वृक्षारोपण को लेकर चलाया जागरूकता अभियान
बराकर:आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत बराकर सब-ट्रैफिक गार्ड द्वारा शनिवार को बराकर मारवाड़ी विद्यालय के प्रांगण में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से ‘वृक्षारोपण समारोह’ (Tree Plantation Ceremony) भी आयोजित किया गया।कार्यक्रम में सब-ट्रैफिक गार्ड के उसी बिनय लाइक सिविक वॉलिंटियर पुलिस अधिकारियों, मारवाड़ी विद्यालय के शिक्षकों और सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सुरक्षित सफर के लिए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनना और यातायात के सभी नियमों का कड़ाई से पालन करना अनिवार्य है। पश्चिम बंगाल सरकार के सहयोग से ‘सड़क सुरक्षा सप्ताह’ के तहत विशेष बैनर और पोस्टरों के जरिए विद्यार्थियों को सड़क पर सतर्क रहने का पाठ पढ़ाया गया।सड़क सुरक्षा के साथ-साथ पर्यावरण को बचाने का संदेश देते हुए पुलिस और स्कूल प्रशासन ने संयुक्त रूप से परिसर में पौधारोपण किया। पुलिस अधिकारियों ने ‘क्लीन सिटी, ग्रीन सिटी’ की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को एक स्वच्छ वातावरण देना हमारी जिम्मेदारी है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की छात्राओं और उपस्थित सभी लोगों ने सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और पर्यावरण को हरा-भरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।










