*पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय* *आईआईटी खड़गपुर में ‘धरोहर’* *थीम पर भव्य वार्षिक* *उत्सव मनाया गया* l
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय आईआईटी खड़गपुर में गुरुवार को ‘धरोहर’ थीम पर आधारित भव्य वार्षिक उत्सव का आयोजन किया गया। भारतीय संस्कृति की जीवंत धरोहर को संरक्षित एवं प्रचारित करने वाला यह कार्यक्रम अत्यंत सफल रहा। प्राचार्य डॉ. रिकिशा भौमिक ने मुख्य अतिथि प्रो. रविब्रत मुखर्जी (रसायन अभियांत्रिकी विभाग, आईआईटी खड़गपुर), विशिष्ट अतिथि श्री सुदीप मंडल (प्रिंसिपल, केंद्रीय विद्यालय नं. 3), डॉ. राजीव रावत (वरिष्ठ हिंदी अधिकारी) एवं अभिभावक अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया।
प्राचार्य एवं प्रधानाध्यापक ने अतिथियों को स्मृति चिह्न, उत्तरीय एवं बैज भेंट कर हार्दिक स्वागत-सम्मान किया। प्राचार्य ने अपने स्वागत भाषण में सभी मेहमानों का आदर-सम्मान किया तथा उत्सव की थीम ‘धरोहर’ पर प्रकाश डालते हुए विद्यालय की सांस्कृतिक शैक्षणिक प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
विद्यार्थियों ने दुर्गा वंदना से प्रारंभ कर वेस्टर्न डांस, योग प्रदर्शन, सुर संगम, राजस्थानी कालबेलिया नृत्य तथा भारतीय संस्कृति की विविध वेशभूषा व मानवीय मूल्यों पर आधारित रैंप वॉक फैशन शो प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ये प्रस्तुतियां धरोहर की अमरता को जीवंत रूप प्रदान करने वाली थीं।
मुख्य अतिथि प्रो. रबिब्रत मुखर्जी ने अपने आशीर्वचनों में प्रत्येक बालक को विशिष्ट बताया। उन्होंने कहा कि केवल अंक प्राप्त करना सब कुछ नहीं होता; किसी भी क्षेत्र में उत्कर्ष प्रदर्शन किया जा सकता है। हर उपलब्धि अलग-अलग महत्वपूर्ण है। अपनी उपस्थिति एवं आमंत्रण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सबको शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया।
प्रिंसिपल डॉ. रिकिशा भौमिक ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिसमें बोर्ड परीक्षा एवं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए गए। खेलकूद, सामाजिक सांस्कृतिक कार्यक्रम, योग, एनसीसी, ओलंपियाड एवं अन्य क्षेत्रों में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथियों एवं प्राचार्य द्वारा सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिसर फूलों, प्रकाश एवं सांस्कृतिक प्रतीकों से अति सुंदर सजाया गया था। हजारों अभिभावक-अतिथियों की भारी उपस्थिति से प्रांगण उत्सवमय हो उठा। एनसीसी कैडेट्स ने परेड एवं सलामी से अतिथियों का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम का कुशल संचालन पीजीटी हिंदी मुकीम खान ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में संपूर्ण स्टाफ एवं विद्यार्थीगण का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम के अंत में जल संरक्षण की शपथ ग्रहण की गई। राष्ट्रगान के साथ उत्सव का समापन हुआ। यह आयोजन विद्यालय की सांस्कृतिक धरोहर को नई ऊर्जा प्रदान करने वाला सिद्ध हुआ।











