पीएल इंस्टीट्यूट द्वारा मेधावी छात्रों का भव्य सम्मान समारोह आयोजित
कुल्टी, रानीतालाव वर्क्स रोड स्थित क्षेत्र के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान पीएल इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड कॉमर्स द्वारा वर्ष 2026 की माध्यमिक (10वीं) परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के मेधावी एवं स्कूल टॉपर छात्र-छात्राओं के सम्मान में संस्थान के सभागार में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बोरो चेयरमैन शताब्दी भंडारी, कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे, पीएल इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रेमलाल वर्णवाल, शिक्षक राजकुमार महतो एवं पार्षद अरुण भंडारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात संस्थान के शिक्षकों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों — श्री मारवाड़ी विद्यालय, श्रीमती जरवा देवी बालिका विद्यालय, आदर्श विद्यालय, केंदुआ हाई स्कूल, कुल्टी हिंदी बालिका विद्यालय, ग्रीन प्वाइंट एकेडमी तथा पीपीएस स्कूल — के कुल 21 मेधावी एवं स्कूल टॉपर छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों के अभिभावक भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

अपने संबोधन में कुल्टी मदद फाउंडेशन के संस्थापक रवि शंकर चौबे ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है और आज सम्मानित होने वाले छात्र-छात्राओं ने अपनी मेहनत, लगन और अनुशासन से यह सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम का कोई विकल्प नहीं होता। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर सीखते रहने, बड़े सपने देखने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आह्वान किया। उन्होंने सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इसके बाद पीएल इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रेमलाल वर्णवाल ने अपने वक्तव्य में कहा कि संस्थान का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं, बल्कि प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना भी है। उन्होंने कहा कि आज सम्मानित हुए छात्र-छात्राएं आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में और अधिक सफलता प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दीं।
अपने संबोधन में बोरो चेयरमैन शताब्दी भंडारी ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र की प्रगति का आधार है। उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि कुल्टी क्षेत्र के छात्रों ने अपनी प्रतिभा और मेहनत से क्षेत्र का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने पीएल इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह को एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने मेधावी छात्र-छात्राओं को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उपस्थित सभी वक्ताओं ने विद्यार्थियों के संघर्ष, परिश्रम और सफलता की प्रशंसा करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम का सफल संचालन शिक्षक राजकुमार महतो ने किया। समारोह का वातावरण उत्साह, प्रेरणा और गौरव से परिपूर्ण रहा तथा उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने पीएल इंस्टीट्यूट की इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की।










