दक्षिण पूर्व रेलवे,
आद्रा मंडल
प्रेस विज्ञप्ति
दिनांक: 28.06.2025
रेलवे बोर्ड द्वारा स्वीकृत 68121/68122 पुरुलिया–हावड़ा–पुरुलिया मेमू सेवा का शुभारंभ आज दिनांक 28 जून, 2025 को भारत सरकार के माननीय रेल, सूचना एवं प्रसारण तथा इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया गया। यह सेवा बांकुड़ा एवं मसाग्राम सेक्शन के माध्यम से संचालित होगी।
माननीय रेल मंत्री जी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसमूह को संबोधित करते हुए न केवल इस नयी ट्रेन सेवा से होने वाले लाभों पर प्रकाश डाला, बल्कि रेलवे की वर्तमान में संचालित विभिन्न परियोजनाओं तथा भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह सेवा क्षेत्रीय यात्रियों को सस्ती, सुगम और त्वरित यात्रा की सुविधा प्रदान करेगी तथा बांकुड़ा–मसाग्राम सेक्शन की क्षमता का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करेगी।
इस नई ट्रेन सेवा से यात्रियों को अनेक लाभ प्राप्त होंगे। अब तक पुरुलिया से हावड़ा की दूरी लगभग 322 किलोमीटर (खड़गपुर रूट) के माध्यम से तय की जाती थी, परंतु इस नई सेवा के माध्यम से यह दूरी 40 किलोमीटर घटकर 282 किलोमीटर रह जाएगी। इससे यात्रियों को न केवल समय की बचत होगी, बल्कि यात्रा खर्च में भी कमी आएगी।
इस मेमू सेवा के आरंभ से पुरुलिया, आद्रा, बांकुड़ा, सोनामुखी, बोवाइचांडी एवं मसाग्राम जैसे प्रमुख स्टेशनों के साथ-साथ बांकुड़ा–मसाग्राम सेक्शन के अंतर्गत आने वाले लगभग 30 हॉल्ट स्टेशनों को सीधी, सस्ती एवं सुविधाजनक रेल सेवा उपलब्ध होगी। यह पहल क्षेत्रीय संपर्कता को मजबूत करते हुए सामाजिक-आर्थिक विकास को गति प्रदान करेगी।
इस विशेष अवसर पर आद्रा मंडल के पुरुलिया एवं बांकुड़ा स्टेशनों पर भव्य आयोजन किए गए। पुरुलिया स्टेशन पर आयोजित समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद/पुरुलिया श्री ज्योतिर्मय सिंह महतो, विधायक/पुरुलिया श्री सुदीप कुमार तथा बांकुड़ा स्टेशन पर माननीय विधायक/बांकुड़ा श्री निलाद्रि शेखर दाना, विधायक/छतना श्री सत्यनारायण मुखोपाध्याय, विधायक/ओंदा श्री अमरनाथ शाखा, विधायक/सोनामुखी श्री दिवाकर धरामी, माननीया विधायक/सालतोरा श्रीमती चांदना बाउरी एवं विधायक/इंडस श्री निर्मल कुमार धारा सहित पुरुलिया एवं बांकुड़ा के आस पास के बड़ी संख्या में आम नागरिक, प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधिगण उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत में मंडल रेल प्रबंधक श्री सुमित नरूला ने पुरुलिया में तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री खागेंद्र नाथ घोष ने बांकुड़ा में उपस्थित अतिथियों एवं जनसमूह को संबोधित करते हुए इस अवसर के महत्व पर प्रकाश डाला। इसके पश्चात मंच पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी उपस्थित नागरिकों को संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्री विकास कुमार सहित आद्रा मंडल के विभिन्न विभागों के अधिकारीगण एवं कर्मचारीगण भी उपस्थित रहे।




















