*खड़गपुर |* एनएच-16
खड़गपुर–बालेश्वर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह ओवरटेक की जल्दबाज़ी जानलेवा साबित हुई। संकोया इलाके में एक निजी यात्री बस पलट गई। हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 यात्री घायल हो गए।

मेदिनीपुर से बेलदा जा रही साईनाथ श्रीकृष्ण बस आगे चल रही बस को ओवरटेक करने के दौरान सड़क किनारे डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के साथ ही बस का पिछला टायर फट गया और बस अनियंत्रित होकर राजमार्ग पर पलट गई।
मृतक की पहचान पटाशपुर थाना क्षेत्र के पांचेत गांव की निवासी गीता दास के रूप में हुई है। घायलों में से आठ की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को खड़गपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद एनएच-16 पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात बहाल किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घायलों की हालत को देखते हुए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।








