कुल्टी । आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 70 स्थित केंदुआ हाई स्कूल के मुख्य द्वार के समक्ष जलजमाव हो रहा है । इस संबंध में बताया जाता है कि एक तरफ जहां नगर निगम डेंगू मलेरिया आदि जमे हुए पानी से उत्पन्न होने वाले मच्छरों को लेकर बहुत ही सतर्क रह रहा है तथा विभिन्न तरह के आयोजनों के माध्यम से कहीं भी जलजमाव नहीं होने को लेकर जागरूकता अभियान चला रहा है । इसके साथ साथ नगर निगम के कर्मचारियों को भी इन समस्याओं को तुरंत समाधान करने का निर्देश दिया गया है । जिसके बावजूद नगर निगम के वार्ड नंबर 70 स्थित केंदुआ हाई स्कूल के मुख्य द्वार पर भारी मात्रा में जलजमाव हो रहा है । जिससे स्कूल के बच्चे ही नहीं आसपास के रहने वाले लोग भी भयभीत है ।
क्योंकि वर्षा काल में ही डेंगू मलेरिया आदि फैलने की संभावना प्रबल रहती है । हालांकि डेंगू को लेकर नगर निगम की ओर से इसके रोकथाम के लिए पूरी तैयारी की जा रही है ।



















