बराकर । भारत कोकिंग कोल लिमिटेड की महिला संगठन दृष्टि महिला समिति द्वारा आसपास के क्षेत्र के गरीब तबके के बच्चों के लिए निशुल्क ट्यूशन क्लास आरंभ किया जा रहा है । इस संबंध में बताया जाता है कि भारत कोकिंग कोल लिमिटेड एरिया बारह की महिला संगठन दृष्टि महिला समिति द्वारा आसपास के क्षेत्र के बच्चों को शिक्षा प्रदान करने के लिए एक पहल की गई है । जिसके अंतर्गत बच्चों को सीवी एरिया बारह के कॉलोनी स्थित स्विंग स्कूल भवन मे गरीब तबके के बच्चों को निशुल्क ट्यूशन का क्लास दिया जाएगा । जिसमें दृष्टि महिला समिति के कुछ सदस्य तथा बराकर कॉलोनी की महिलाएं संयुक्त रूप से वहां बच्चों को शिक्षा प्रदान करेगी । इसी दौरान बेगुनिया कोलियरी के निकट मोहल्लों में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के बीच स्कूल बैग ,कॉपी ,पेंसिल बॉक्स तथा टिफिन बॉक्स का वितरण किया गया । इस अवसर पर दृष्टि महिला समिति की अध्यक्ष तथा एरिया बारह के महाप्रबंधक की पत्नी श्रीमती कल्पना झा मिश्रा ने कहा कि दृष्टि महिला समिति लगातार सामाजिक कार्यों के प्रति अग्रसर है । समय-समय पर आसपास के क्षेत्र में गरीब तबके के लोगों की मदद के लिए विभिन्न तरह के आयोजन कर उन्हें प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित किया जाता है । पिछले महीने भी बच्चों के बीच पौष्टिक आहार का वितरण किया गया था । उन्होंने कहा कि गरीब तबके के लोग अपने बच्चों को पैसों के अभाव में उचित शिक्षा प्रदान नहीं कर पाते हैं । जिस कारण वह अच्छे शिक्षा से वंचित हो जाते हैं । इसी के मद्देनजर यहां पर निशुल्क ट्यूशन क्लास का आयोजन किया जा रहा है । जिसमें दृष्टि महिला समिति की कुछ सदस्या तथा कॉलोनी की कुछ महिलाएं संयुक्त रूप से बच्चों को शिक्षा प्रदान करेगी ताकि इन बच्चों को भी बेहतर शिक्षा प्राप्त हो सके और इनका जीवन उज्जवल हो सके । इस अवसर पर दृष्टि महिला समिति की सचिव समिता चक्रवर्ती ममता कुंडू नवीदिता मन्ना सुष्मिता गांगुली श्रावणी भट्टाचार्य सुमिता सरकार बीथिका सरकार सहित अन्य सदस्या उपस्थित थी ।






