जामुड़िया:जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह के प्रतिनिधि तथा युवा टीएमसी नेता प्रेमपाल सिंह ने शनिवार को जामुड़िया के अख़लपुर स्थित विधायक कार्यालय में संवाददाता सम्मेलन कर घोषणा किया कि इस साल बहुला में काली पूजा के दौरान होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि भोजपुरी के लोकप्रिय गायक पवन सिंह के कार्यक्रम के लिए छोटे मैदान में भीड़ की संभावना के कारण पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम न हो पाने की वजह से यह फैसला लिया गया है।युवा तृणमूल कांग्रेस नेता प्रेमपाल सिंह ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय पुलिस प्रशासन से चर्चा के बाद लिया गया और इस फैसले का विरोध कर रहे “बांग्ला पोखो” संगठन के विरोध से कोई संबंध नहीं है।उन्होंने कहा कि बंगाल में सभी भाषाओं और संस्कृतियों का सम्मान होता है और यहां गंगा-जमुना तहजीब को बढ़ावा दिया जाता है।उन्होंने जनता से अपील किया कि इस मामले को यहीं समाप्त करें और काली पूजा का पर्व शांति और सद्भाव के साथ मनाएं।





















