बराकर । बराकर शहर के वार्ड नंबर 68 के दर्जनों घरों के लोग पीने के पानी को दर बदर की ठोकरें खाने को मजबूर है । इस संबंध में बताया जाता है कि एक तरफ जहां राज्य सरकार की ओर से पूरे आसनसोल कुल्टी क्षेत्र में पीने की पानी की समस्या को जड़ से समाप्त करने हेतु कई कार्य किए गए है । सभी जगह नई पाइपलाइन बिछाकर पूरे इलाके के लोगों को घरों में पानी का कनेक्शन दिया गया ।जिससे उन घरों में पीने का पानी बड़े ही आसानी से मिल रहा है और लोग उस पानी को उपयोग कर रहे हैं । वहीं दूसरी तरफ आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 68 के गायत्री नगर तथा नैनिजोर खटाल में दर्जनों घरों में पानी का कनेक्शन भी नहीं पहुंचा और उस क्षेत्र के अधिकांश हिस्सों में पाइप लाइन भी नहीं बिछाया गया है । जिससे वहां के लोग पीने के पानी की समस्या को लेकर भारी परेशानी से जूझ रहे हैं । मालूम हो कि इस क्षेत्र में लगभग 20 वर्षों से अधिक समय से पीने की पानी का विकट संकट है । जहां लोग दूरदराज से पानी लाकर उपयोग करते हैं । परंतु निगम द्वारा पानी की सुविधा देने के बावजूद यहां के लोग उपेक्षा का दंश झेल रहे हैं और घरों में पानी की आस में टकटकी लगाए बैठे हैं । गर्मी आने के पूर्व ही इस क्षेत्र के कई लोगों के घरों में स्थित कुआं तथा बोरिंग का जल स्तर भी काफी नीचे जा चुका है । इस संबंध में कुल्टी मंडल एक भाजपा के जनरल सेक्रेटरी राजू यादव ने कहा की यह क्षेत्र पानी को लेकर काफी पिछड़ा हुआ है । यहां के लोग पानी के कनेक्शन को लेकर नगर निगम में जो राशि जमा की जाती है । वह भी जमा कर चुके हैं जिसके बावजूद उनके घरों में अभी तक पानी की एक बूंद नहीं आई है । उन्होंने बताया कि वहीं इलाके में कई जगहों पर पाइपलाइन ही नहीं बिछाया गया है । जो एक गंभीर चिंता का विषय है । उन्होंने बताया पानी की समस्या को लेकर लोग कई बार संबंधित अधिकारियों से गुहार भी लगा चुके हैं । लेकिन लोगों को सिवाय आश्वासन के कुछ भी हाथ नहीं लगा है ।










