आसनसोल, 26 जुलाई,2022
मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा की अध्यक्षता में मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक संपन्न हुई। सर्वप्रथम राजभाषा अधिकारी डॉ. मधुसूदन दत्त ने अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी-सह-अपर मंडल रेल प्रबंधक-2, अपर मंडल रेल प्रबंधक-। श्री मुकेश कुमार मीना और उपस्थित शाखा अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि आपलोगों के सहयोग और प्रोत्साहन से राजभाषा विभाग हिंदी के प्रयोग-प्रसार की दिशा में सतत् अग्रसर है। इसी की एक सुखद परिणति है कि नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति/बर्नपुर की बैठक में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय/आसनसोल को ‘चल वैजयंती शील्ड(द्वितीय)’ का सम्मान मिला और साथ ही क्षेत्रीय रेल स्तर पर भी संयुक्त रूप से राजभाषा शील्ड की घोषणा हुई है। मंडल की गृहपत्रिका ‘रेल रश्मि’ के 33वें अंक के ई-संस्करण रूप को मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा के कर-कमलों द्वारा मंडल के वेबसाइट पर बटन दबाकर अपलोड किया गया। इसके उपरांत राधि द्वारा विगत तिमाही के दौरान राजभाषा विषयक विविध स्तरीय गतिविधियों को एक स्लाइड शो के माध्यम से दर्शाया गया।

अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी श्री ब्रजेश कुमार त्रिपाठी ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि राजभाषा विभाग विभिन्न स्तरों पर काम कर रहा है। कार्मिकों के साथ-साथ अधिकारियों और उनके बच्चों को भी इसकी गतिविधियों से जुड़ने का मौका मिल रहा है। इसका बड़ा ही सकारात्मक प्रभाव पड़ा है। इसी अवसर पर उन्होंने अपनी स्वरचित कविता ‘…..वो भाषा अपनी हिंदी है’ का सस्वर पाठ किया। अपर मंडल रेल प्रबंधक-। श्री मुकेश कुमार मीना ने अपने संबोधन में राजभाषा टीम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अपने अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री परमानंद शर्मा ने कहा कि राजभाषा विभाग सचमुच में बड़ा ही अच्छा काम कर रहा है। यह बैठक हमें इसका भी दायित्व-बोध कराती है कि हमलोग राजभाषा हिंदी के प्रति कितने सचेष्ट हैं। राजभाषा के प्रति भी हमें अपने दायित्व का सतत पालन करना है। आप अधिकारीगण जितना अधिक काम हिंदी माध्यम से करेंगे, आपके कर्मचारी भी इस दिशा में उतना ही आगे बढ़ेंगे। राजभाषा टीम को मेरी सलाह है कि वह गैर हिंदी भाषी अधिकारियों/कार्मिकों को भी अपनी प्रतियोगिताओं का प्रतिभागी बनाएँ ताकि उनके मन में भी हिंदी के प्रति सम्मान बढ़े। गृहपत्रिका ‘रेल रश्मि’ में प्रकाशन हेतु अधिकारियों एवं कर्मचारियों के बच्चों को भी रचना देने के लिए प्रेरित और प्रोत्साहित किया जाए। साथ ही सभी अधिकारियों से अनुरोध है कि अंग्रेजी में प्राप्त टिप्पणियों आदि पर हिंदी में अपनी अभ्युक्ति दें।
राजभाषा अधिकारी डॉ. दत्त के धन्यवाद ज्ञापन के साथ बैठक संपन्न हुई। इस आयोजन को सफल बनाने में राजभाषा विभाग के सर्वश्री दिलीप कुमार पासवान, भारत भूषण पांडेय,पुरुषोत्म कुमार गुप्ता,संजय राउत और मंजू देवी श्रीवास्तव की अहम् भूमिका रही।














