*खड़गपुर :* रेल नगरी खड़गपुर अंतर्गत ओल्ड सेटलमेंट स्थित श्री बालाजी मंदिर में 50वें वार्षिक ब्रह्मोत्सव का शनिवार को नगर संकीर्तन व कलश स्थापना के साथ शुभारंभ हो गया। रविवार को सूर्य नमस्कार के उपरांत सूर्य प्रभा वाहन में श्री बालाजी का सुभाषपल्ली से शोभायात्रा निकाली गई। संध्या समय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। रविवार की दोपहर मंदिर सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों व सदस्यों ने कहा कि 16 मार्च को 11 हजार से अधिक भक्तों के बीच महाभोग वितरण के साथ इस आयोजन का समापन होगा। संवाददाता सम्मेलन में विजय कुमार, एनसीएस राव, उपाध्यक्ष जनार्दन मास्टर जी, ए श्रीनिवास राव, एस उदय कुमार, पूर्ण शेखर राव, एम कालीदास व पी धनंजय मुख्य रूप से उपस्थित रहे। पदाधिकारियों ने कहा कि सोमवार को रूद्राभिषेकम समेत अन्य धार्मिक कार्यक्रमों का आयाेजन होगा। समारोह का मुख्य आकर्षण बुधवार को श्रीबालाजी व देवी पद्मावती का विवाह समारोह होगा। इस मौके पर हैदराबाद से स्वामी चिन्नाजीआर व तिरुपति बालाजी मंदिर के चेयरमैन राजगोपाल नायडु मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। गुरुवार को श्री सत्यनारायण स्वामी की पूजा होगी, जबकि शुक्रवार को शुक्र दाेष से मुक्ति के लिए कुम कुम पूजा व ललिता सह्रनाम पाठ का आयोजन होगा। रविवार को पूर्णाहुति के बाद मंदिर के शिखर का कलश अभिषेक किया जायेगा। सोमवार को भक्तों के बीच महाभोग का वितरण किया जायेगा।










