सांकतोड़िया।नितुरिया प्रखंड के पारबेलिया कोलियरी फुटबॉल मैदान में सरस्वती क्लब के तत्वावधान में आयोजित गणेश पूजा पर बुधवार को परंपरा और भारतीय संस्कृति के अनुरूप इस वर्ष भी उत्साह और धूमधाम से कलश यात्रा निकाली गई। मौके पर पूजा कमिटी के संयोजक शांतिभूषण प्रसाद यादव, जिला परिषद के कृषि कर्माध्यक्ष अजित बाउरी, जिला परिषद के सदस्य बाबुजन हेम्ब्रम, क्लब के सचिव संजय यादव, अध्यक्ष मृदुल सरकार, दामोदर सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
जानकारी के अनुसार गणेश चतुर्थी पर निकाली गई कलश यात्रा गणेश पूजा पांडाल से निकलकर पारबेलिया बाजार, आमडांगा मोड़, हाट तला होते हुए पारबेलिया सूर्य मंदिर घाट दामोदर नदी जलभरी कर वापस लौटा। कलश यात्रा में शामिल महिलाएं एवं पुरुषों ने पीत वस्त्र पहनकर भाग लिया। विशेषकर महिलाओं में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
गणेश पूजा उत्सव पर कलश यात्रा का यह विशाल जनसमूह फुटबॉल मैदान पहुंचा, जहां पंडित मनोहर पांडे द्वारा पूजन का कार्य संपन्न किया गया। सुबह से ही “जय गणेश, जय गणेश, जय गणेश देवा की गूंज ” और ढोल-नगाड़ों की ध्वनि से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इसके साथ ही आयोजित 10 दिवसीय मेले में भी लोग उमड़ने लगे हैं।







