प्रेस विज्ञप्ति
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल
दिनांक: 09 मई 2025
दक्षिण पूर्व रेलवे, आद्रा मंडल द्वारा 69वाँ रेल सेवा पुरस्कार समारोह – 2024 का आयोजन दिनांक 09 मई 2025 को आद्रा स्थित कल्याण मंडप में अत्यंत हर्षोल्लासपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। इस समारोह का उद्देश्य मंडल के उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित करना एवं उनके योगदान को औपचारिक मान्यता प्रदान करना रहा।
समारोह का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक आद्रा, श्री सुमित नरूला एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी, श्रीमती सीमा कुमारी ने स्वागत भाषण प्रस्तुत करते हुए सभी आमंत्रित अतिथियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिजनों का अभिनंदन किया तथा कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक, श्री सुमित नरूला ने रेलवे कर्मचारियों की निष्ठा, ईमानदारी एवं कठोर परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि रेल सेवा पुरस्कार केवल सम्मान ही नहीं, बल्कि कर्मठ कर्मचारियों को आगे भी उत्कृष्ट कार्य हेतु प्रेरित करने का माध्यम है।
इस वर्ष कुल 98 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उनकी विशिष्ट सेवाओं हेतु सम्मानित किया गया, जो निम्नलिखित दो श्रेणियों में विभाजित हैं:
1. रेल सेवा पुरस्कार – 43 अधिकारी एवं कर्मचारी
2. स्टार परफॉर्मर ऑफ द ईयर – 55 अधिकारी एवं कर्मचारी
सभी चयनित कर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक द्वारा प्रशंसा-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान मनोरंजन हेतु विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया, जिनमें SER मिश्रित उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (कैम्पस-1) की छात्राओं द्वारा प्रस्तुत नृत्य एवं अन्य कलाकारों द्वारा गीत-संगीत की प्रस्तुति ने सभी उपस्थितों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर दक्षिण पूर्व रेलवे महिला कल्याण संगठन (SERWWO), आद्रा की अध्यक्षा श्रीमती मालविका नरूला, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM), आद्रा श्री खगेन्द्र नाथ घोष, मंडल के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण, कर्मचारी, उनके परिजन तथा प्रेस एवं मीडिया प्रतिनिधिगण भी उपस्थित रहे।
इस प्रकार का आयोजन कर्मचारियों के मनोबल को ऊँचा उठाने और कार्यक्षेत्र में सकारात्मक वातावरण के निर्माण में सहायक सिद्ध होता है। यह समारोह न केवल सम्मान का प्रतीक है, बल्कि यह एक प्रेरणास्त्रोत भी है, जो सभी कर्मचारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण भाव से कार्य करने हेतु प्रेरित करता है।