*अच्छी तालीम रौशन मुस्तक़बिल की गारंटी है:अहमद सईद हर्फ़*
*मो0 अकिल राजा की अध्यक्षता में अंकपत्र वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन*
*मदरसा आलिया फुरकनिया के छात्र-छात्राओं ने प्राप्त किये ट्राफी और मैडल*
बाराबंकी।(अबू शहमा अंसारी)धार्मिक संस्था अंजुमन मुस्लिम आना फण्ड फतेहपुर द्वारा संचालित मदरसा आलिया फुरकनिया फतेहपुर जिला बाराबंकी के होनहार बच्चों ने वार्षिक परीक्षा 2025-26 में अपनी कक्षा में उत्कृष्ट प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करके अपने साथ साथ माता-पिता का भी नाम रौशन किया है और मदरसा का मान बढ़ाया है। मालूम हो कि यह कस्बा फतेहपुर का एक क़दीम मदरसा है जो दीनी शिक्षा के अलावा अन्य विषयों हिन्दी, इंग्लिश, विज्ञान, गणित, इतिहास, भूगोल आदि विषयों की भी शिक्षा देता है। उपरोक्त विचार मदरसा में अंकपत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान संचालन करते हुए प्रधानाचार्य अली अशहद ने व्यक्त किये। उन्होंने आगे कहा कि यह मदरसा एक दिन मिसाली मदरसा बनेगा और कस्बा के बच्चों की तालीम में मील का पत्थर साबित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे मदरसा के अध्यक्ष मो0 आकिल राजा ने अपने सम्बोधन में कहा कि बच्चों की अच्छी शिक्षा के लिए अभिभावक और शिक्षक में विचार विमर्श होना चाहिए, ताकि शिक्षण व्यवस्था बेहतर बनी रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एडवोकेट मो0 असलम ने अपने विचार रखते हुए कहा कि मदरसा आलिया फुरकनिया आधुनिक युग के एतेबार से बच्चों को बेहतर शिक्षा दे रहा है। हमें आशा ही नहीं पूर्ण विश्वास है कि यहाँ के बच्चे पढ़-लिखकर बहुत बुलंदी पर जाएंगे। कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि जमीअत उलमा बाराबंकी के लीगल एडवाइज़र एडवोकेट अहमद सईद हर्फ़ ने अपने सम्बोधन में कहा कि इन होनहार बच्चों को देखकर मैं खुशी महसूस कर रहा हूँ। मदरसा के इन बच्चों को मेरा पैग़ाम है कि खूब मेहनत से पढ़िये और आगे बढ़िये। अच्छी तालीम रौशन मुस्तक़बिल की गारंटी है। मदरसा के होनहार बच्चों को ट्राफी और मैडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मदरसा के शिक्षक, शिक्षिकाएँ, अभिभावक एवं छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।आखिर में मदरसा के प्रधानाचार्य ने सभी का शुक्रिया अदा किया।










